पानीपत। जिला प्रशासन ने नगर निगम चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम चुनाव में मतदान को 24 वार्डों में 84 भवनों के अंदर 234 मतदान केंद्र बनाए हैं जहां पर 2.64 लाख मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए ईवीएम आ चुकी हैं। सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियाें कोे अपने-अपने वार्ड से संबंधित बूथों का निरीक्षण कर दो दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
डीसी और जिला निर्वाचन अधिकारी समीरपाल सरो ने मंगलवार को लघु सचिवालय में नगर निगम चुनाव को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र प्रणाली में अपने कर्तव्य का निर्वहन करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी से काम करना चाहिए।
पौने तीन लाख मतदाता करेंगे मतदान
निगम में दो लाख 64 हजार 365 मतदाता हैं। इनमें एक लाख 45 हजार 518 पुरुष और एक लाख 18 हजार 847 महिलाएं हैं। डीसी ने कहा कि चुनाव ड्यूटी को अपना नैतिक कर्तव्य समझकर करें और चुनाव ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता न करें। उन्होंने कहा कि सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारी दी पाठ्य सामग्री को जरूर पढे़ं और चुनाव प्रक्रिया के दौरान नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराएं।
छह सहायक रिटर्निंग अधिकारी लगाए
एडीसी और नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी आरएस वर्मा ने डीसी को चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्वक कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि निगम चुनाव के लिए छह सहायक रिटर्निंग अधिकारी लगाए हैं, जिनमें एसडीएम, डीडीपीओ, जीएम जिला उद्योग केंद्र, सचिव आरटीए, ईटीओ और बीडीपीओ पानीपत हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम पानीपत के 24 वार्डों में 84 भवनों के अंदर 234 मतदान केंद्र बनाए हैं।
बूथाें की दो दिन में देनी होगी रिपोर्ट
उन्हाेंने कहा कि ईवीएम आ चुकी है। इसलिए सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने वार्ड से संबंधित बूथों का निरीक्षण कर लें और रिपोर्ट दो दिन में सौंपे। मतदान केंद्राें पर पीने के पानी और फर्नीचर की व्यवस्था के भी आदेश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित डीएसपी को संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।
एडीसी वर्मा ने कहा कि संबंधित थाने का एसएचओ सभी बूथों की जानकारी रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 16 जून से पहले चुनाव कराने हैं। इसलिए सभी बूथों पर अधिकृत पेंटर के माध्यम से बूथ का नाम भी लिखा लें। इसके साथ-साथ उन्होंने जिला नगर योजनाकार के माध्यम से हर वार्ड में संबंधित नक्शे की 50 प्रतियां भी देने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद एडीसी ने एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एसडीवीएम और मॉडल टाउन स्थित टाउनशिप क्लब में संभावित रूप से बनाए जाने वाले मतगणना केंद्रों का भी दौरा किया। इस मौके पर सीटीएम डीआर कैरो, डीडीपीओ सुरेंद्र सिंह के अलावा विभिन्न सहायक पंजीयन अधिकारी और नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।