पानीपत। बस स्टैंड के बाहर 85 हजार रुपये की जेब काटने के मामले में जांच के बाद पुलिस ने सड़क किनारे पुराने कपड़ों की फड़ी लगाने वाली महिलाआें को गिरफ्तार किया है। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने दोनों महिलाओं को रेलवे स्टेशन से काबू कर लिया। शिकायतकर्ता ने उनकी शिनाख्त कर ली है।
असंध निवासी गुलशन की रविवार को दिन में बस स्टैंड चौकी पुलिस के बाहर जीटी रोड पर 85 हजार रुपये की जेब काट ली। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी थी। बस स्टैंड चौकी प्रभारी श्याम लाल ने सोमवार को शिकायतकर्ता के साथ शक के आधार पर महिलाओं की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने दो महिलाओं का रेलवे स्टेशन से काबू किया और दोनों की शिनाख्त के बाद गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी श्याम लाल ने बताया कि पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम लतींगा और तलकू निवासी नांगलोई, दिल्ली कबूला। दोनों मूल रूप से गुजरात की रहने वाली हैं। पुलिस ने दोनों से 25 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं और बाकी राशि की बरामदगी के प्रयास कर रही है।