सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय महिला बास्केटबाल प्रतियोगिता मे गुरु अंगददेव विश्वविद्यालय लुधियाना, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला और पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला ने अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पराजित कर प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डा. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला ने लखनऊ विश्वविद्यालय लखनऊ को 34-21 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला ने पंजाब एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, लुधियाना को मुकाबले में 71-21 से, लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय फगवाड़ा ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा को 49-26 से पराजित किया। गुरु अंगददेव विश्वविद्यालय, लुधियाना ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक को कड़े संघर्ष में 69-60 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ को एक तरफा मुकाबले में 47-21 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला ने एक तरफा मुकाबले में लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय फगवाड़ा को 51-18 से पराजित किया। इस अवसर पर डा. संतोष संधु, डा. पवन दहिया, डा. सुरेंद्र दहिया, डा. शालिनी मल्होत्रा, प्रेम सिंह आदि मौजूद रहे।