सीएम ने रखी बस स्टैंड की आधारशिला, नेताओं में श्रेय लेने की होड़
6.5 एकड़ में बनेगा सामान्य बस स्टैंड, 17 करोड़ में बनकर तैयार होगा
पानीपत।
सिवाह गांव के राजीव गांधी स्टेडियम में सोमवार को हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बस स्टैंड की आधारशिला रखी। इससे पहले उन्होंने सेक्टर 13-17 में वर्कशॉप और सिटी सर्विस बस बस स्टैंड की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में सभी नेता बस स्टैंड शिफ्टिंग के लिए अपनी पीठ थपथपाते नजर आए। सांसद अश्वनी चोपड़ा, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार व ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने बस स्टैंड शिफ्ट कराने का श्रय खुद को दिया।
कार्यक्रम के दौरान सीएम खट्टर ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। कांग्रेस के घोटाले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में जो भी जिस मामले में दोषी पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बेशक उसमें स्वयं मनोहर लाल खट्टर ही शामिल क्यों ना हो।
सीएम ने कहा कि किसी भी पार्टी की सरकार ने पानीपत में लगने वाले जाम के समाधान के लिए बस अड्डे को दूसरे स्थान पर बनाने का विचार नहीं किया। यह पहली सरकार है, जिसने पानीपत ही नहीं, जिन-जिन बड़े शहरों के बस अड्डे शहर के बीच में आ गए हैं, उन सभी को शहर से बाहर बनाने का निर्णय लिया है।
यही नहीं, हरियाणा के किसी भी कस्बे या गांव की पंचायत यदि अपने गांव में क्यू शेल्टर बनवाना चाहती है तो उन सभी गांवों में सरकार की ओर से जिला परिषद के माध्यम से क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे।
सीएम ने कहा कि सिवाह गांव में साढ़े 6 एकड़ में पानीपत का बस स्टैंड बनेगा। सिवाह गांव की महिलाओं का आभार व्यक्त करते हैं। इस गांव के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं और सांसद अश्वनी चोपड़ा ने भी इस गांव को गोद लेकर गांव के विकास में सहयोग दिया है।
सीएम ने कहा कि हरियाणा खिलाड़ियों का प्रदेश है। हरियाणा की जनसंख्या भारत की जनसंख्या का मात्र 2 प्रतिशत भले ही हो, लेकिन कॉमनवेल्थ खेलों में जहां भारत ने 66 पदक प्राप्त करके विश्व में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, वहीं हरियाणा के खिलाड़ियों विशेषकर महिला खिलाड़ियों ने 22 पदक प्राप्त करके भारत को पदक जीतने में 33 प्रतिशत का योगदान दिया है। उससे भी बड़ी खुशी की बात यह है कि सिवाह गांव की बेटी संतोष कुमारी ने गत वर्ष ऑल इंडिया पुलिस खेलों में गोल्ड मेडल प्राप्त करके पानीपत, हरियाणा और भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल को हरियाणा के सभी 22 खिलाड़ियों को चंडीगढ़ बुलाकर हरियाणा सरकार की ओर से समारोह पूर्वक सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, विधायक महीपाल ढांडा, शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी, समालखा के विधायक रविन्द्र मच्छरौली को भी पगड़ी व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
ऐसे बनेगा बस स्टैंड
बस स्टैंड के लिए साढ़े 6 एकड़ भूमि मिली है। बस स्टैंड चार मंजिला बनेगा। ग्राउंड फ्लोर पर वेटिंग रूम, दुकान व अनाउंसमेंट हॉल बनेगा। प्रथम तल पर ऑफिसरों के दफ्तर बनेंगे। बस स्टैंड में एक समय में 135 बस खड़ी हो सकेंगी। मॉड्यूलर सुविधाओं से बस स्टैंड लैस होगा। इसको बनाने में 17 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सांसद, परिवहन मंत्री व विधायक ने लिया बस स्टैंड शिफ्टिंग का श्रेय
सांसद अश्वनी चोपड़ा, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार व विधायक महिपाल ढांडा ने बस स्टैंड शिफ्ट कराने के श्रेय लिया। अश्वनी चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने सबसे पहले पानीपत का बस स्टैंड सिवाह गांव में शिफ्ट कराने की मांग रखी थी। उन्होंने सिवाह गांव को गोद भी लिया है। परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि किसी भी सरकार ने पानीपत की जाम की समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बस स्टैंड को शिफ्ट करने के प्रयास किए। दूसरे विधायकों का भी समर्थन प्राप्त किया। इसके बाद ये मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र से विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि उनके पास लगातार शहर में जाम की समस्या आ रही थी। वह कई बार बस स्टैंड को शिफ्ट कराने के लिए सीएम से मिले थे। सीएम ने उनकी बात को माना और बस स्टैंड को शिफ्ट करने के लिए आधारशिला रखी।
प्रदेश के सभी श्मशान घाट की होगी चारदीवारी व पानी की व्यवस्था
पानीपत। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश के सभी गांवों, कॉलोनियों व कस्बों के श्मशान घाट की चारदीवारी करने व उसमें पानी की व्यवस्था करने की भी घोषणा की। इसके लिए शिवधाम नवीनीकरण योजना बनाई गई है।
विधायक ढांडा ने मंच से सीएम से की ये मांगें
विधायक महिपाल ढांडा ने सीएम के सामने मांग की कि क्षेत्र की 29 अवैध कॉलोनियां नियमों पर खरी उतरी हैं। उन कॉलोनियों को जल्द वैध का दर्जा दिया जाए। शहर के लिए सेक्टर 18 राजकीय कॉलेज में ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाए। विभिन्न जातियों के लोगों के लिए धर्मशाला का निर्माण कराया जाए। शुगर का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। सीएम ने जल्द सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है।
मेरे व सीएम साहब के बीच कोई विवाद नहीं
सांसद अश्वनी चोपड़ा ने कहा कि अकसर उन्हें ये सुनने में आता है कि सीएम मनोहर लाल खट्टर व उनके बीच विवाद चल रहा है। उनके बीच कोई विवाद नहीं है। वह हर मुद्दे पर एक दूसरे बात करते हैं। कोई भी उनको तोड़ नहीं सकता।
कॉमनवेल्थ में पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए इनाम की घोषणा
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर लौटने वाले खिलाडिय़ों के लिए इनाम की भी घोषणा की। सीएम खट्टर ने घोषणा करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को डेढ़ करोड़ रजत पदक जीतने वाले को 75 लाख और कांस्य पदक विजेता को 50 लाख रुपये का इनाम सरकार की ओर से दिया जाएगा। हरियाणा प्रदेश की एचसीएस और एचपीएस सहित सभी प्रकार की सरकारी सेवाओं में खिलाड़ी की योग्यता के अनुसार नियुक्ति दी जाएगी।