पानीपत। लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में गरीब लोगों को फ्लैट मिलेंगे। इसके लिए एमएमएसएवाई के तहत 5490 लोगों ने आवेदन किए हैं। अब तक योजना के तहत 128 ईडब्ल्यूएस फ्लैट प्रस्तावित किए हैं। इनके ड्रॉ निकालकर लाभार्थियों को चाबी दी जाएंगी। इस योजना में सोनीपत मॉडल को लागू किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने बताया कि हाउसिंग फॉर ऑल विभाग द्वारा एमएमएसएवाई (मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना) के तहत पंजीकृत आवेदकों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। ईडब्ल्यूएस नीति के तहत 23 अक्टूबर की लाइसेंस प्राप्त बिल्डरों को आवासीय फ्लैटों में से 15 प्रतिशत फ्लैट आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित रखने होंगे।
इन फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी ऑनलाइन ड्रॉ प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। जिले में एमएमएसएवाई के तहत 5490 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है। सोमवार तक पात्र व्यक्ति अपनी पूरी जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं।