समालखा। शातिर ठगों ने पार्ट टाइम नौकरी दिलाने का झांसा देकर डपुर गांव के राजेश से 52 हजार रुपये ठग लिए । पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। डपुर गांव के राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह समालखा स्थित नेस्ले की फैक्टरी में काम करता है। पिछले माह दस अप्रैल को उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। जिसमें पार्ट टाइम नौकरी के लिए टेलीग्राम का लिंक भेजा। जिसके बाद टेलीग्राम ग्रुप ज्वाइन करने के बाद उसे टास्क पूरा करने के लिए 120 रुपये की मांग की। उन्होंने कहा कि आपको मर्चेंट टास्क लेने के लिए एडवांस पेमेंट करनी पडे़गी। जिसके लिए उससे पहले पहले तीन हजार रुपये ओर उसके बाद 11 हजार रुपये और 38 हजार रुपये ले लिए।
इस तरह ठगों ने उससे 52 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए और बाद में देने से मना कर दिया। ठगों ने लाभ लेने के लिए 88 हजार रुपये भेजने की शर्त रखी। जो उसने नहीं भेजे। जब उसे फ्राॅड होने का अहसास हुआ तो उसने डायल 1930 पर काल कर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद