अभिजात पालीवाल, अजय पालीवाल और संबित ग्रोवर को नोटिस
-जनार्दन द्विवेदी की बेटी अस्मिता ने अपने ससुर, पति और सीए पर कराया था धोखाधड़ी का केस दर्ज
-अस्मिता अपने ससुर और पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी करवा चुकी है केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
कांग्रेस नेता जनार्दन द्विवेदी की बेटी अस्मिता से धोखाधड़ी के मामले में चांदनी बाग थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपी पति अभिजात पालीवाल से 9 घंटे पूछताछ करने के बाद वीरवार को अभिजात पालीवाल, उसके पिता अजय पालीवाल व सीए संबित ग्रोवर को नोटिस कर दिया है। तीनों को पूछताछ पूरी होने तक पानीपत से बाहर न जाने के निर्देश दिए गए हैं। तीनों को बुलाने पर पूछताछ के लिए चांदनी बाग थाना में जाना होगा। दूसरी ओर बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले से विभू पालीवाल का कोई लेना देना नहीं है। विभू पालीवाल काम के सिलसिले में बाहर हैं।
विदित है कि बुधवार को फैक्टरी जाते वक्त दोपहर को चांदनी बाग पुलिस ने अभिजात पालीवाल को हिरासत में ले लिया था। अभिजात पर पत्नी अस्मिता पालीवाल ने 14 नवंबर 2017 को चांदनी बाग थाना पुलिस में शिकायत देकर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए थे। उसी मामले में उनसे 9 घंटे थाने में पूछताछ की गई थी। उनको देर रात साढ़े 11 बजे 1 लाख रुपये के मुचलके पर छोड़ा गया था। इस बारे में चांदनी बाग थाना प्रभारी सुरेश सैनी का कहना है कि तीनों को नोटिस दिया गया है। तीनों को बुलाने पर थाने में पहुंचकर पूछताछ में शामिल होना होगा।