बिजली कटौती से परेशान उद्योगपतियों ने की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा।
औद्योगिक क्षेत्र के फीडर पर बिजली के लंबे कटों को लेकर उद्योगपतियों ने सोमवार को नारेबाजी कर रोष जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो वे फैक्ट्रियों को चाबी लगाकर बिजली विभाग को सौंप देंगे। साथ ही सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
उद्योगपति प्रेम मित्तल, संदीप गुप्ता, सचिन मित्तल, विजय मित्तल, शिव गर्ग, संजय गर्ग, मनीष ने बताया कि करीब पंद्रह दिनों से इंडस्ट्रियल फीडर पर बिजली घंटो बंद रहती है। अघोषित कटों के चलते उनका कामकाज ठप हो जाता है। दिन में छह-छह घंटे का कट तो रात को अघोषित कर लगाते हुए फीडर की सप्लाई को बंद कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया से हर महीने तीन से चार करोड़ रुपये का बिल भरा जाता है। इसके बावजूद सप्लाई नहीं दी जा रही है। जिससे उनके उद्योग धंधे ठप हो गए हैं और बिजली नहीं होने पर लेबर भी खाली बैठकर चली जाती है। इंडस्ट्रियल एरिया में करीब दो से तीन हजार लेबर रहती है और बिना बिजली के उनका जीना मुहाल हो जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फैक्ट्रियों को ताला लगाकर बिजली विभाग को चाबियां सौंप देंगे तथा खुद सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।