अमर उजाला ब्यूरो
सनौली। साहब स्कूल में टीचर नहीं हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विभाग द्वारा नियुक्त टीचर खुद स्कूल में नहीं आते। उन्होंने अपने आगे टीचर रख रखे हैं। शिक्षा अधिकारियों को कई शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।
यह शिकायत सनौली ब्लॉक के गांव राणा माजरा के लोगों ने शिक्षा निदेशक एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास के सामने रखी। पीके दास ने इसको गंभीर बताया और इसकी जांच जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धर्मबीर कादियान को सौंपी। उन्होंने ग्रामीणों को स्कूल में बेहतर शिक्षा देने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने गांव के स्कूल को भी अपग्रेड कराने की मांग रखी। शिक्षा निदेशक गांव में इफ्तार पार्टी मेें शामिल हुए थे। ग्रामीणों ने उनका गांव में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। निदेशक पीके दास ने सबको रमजान की बधाई दी और उनके साथ इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने रोजेदारों को को अपने हाथों से फल दिए। उन्होंने कहा कि हमें सभी धर्म आपस में जोड़ना सिखाते हैं। हमें सभी धर्मों के पर्व को मिलजुलकर खुशी के साथ मनानी चाहिए। इस अवसर पर ग्रामीण पूर्व सरपंच खुर्शीद अहमद, सरपंच अमजद मजिदी, नैनपाल राणा आदि मौजूद रहे।