फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: शाम को तेज बारिश से भीगा पांच हजार क्विंटल धान

विज्ञापन
जीटी रोड संजय चौक पर हुआ जलभराव। संवाद
विज्ञापन
पानीपत। शुक्रवार शाम अचानक हुई तेज बारिश से शहर के इंसार बाजार से लेकर जीटी रोड, असंध रोड और रेलवे रोड तक जलभराव हो गया। कई जगह वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई। जीटी रोड पर पालीवाल कोठी के पास बिजली ट्रांसफार्मर में धमाका होने से फीडर ठप हो गया और आसपास के इलाके में करीब चार घंटे बिजली गुल रही। बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं अनाज मंडियों में खुले में पड़ा धान भीगने से किसान और व्यापारी परेशान रहे। बारिश से करीब पांच हजार क्विंटल धान भीग गया।
विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार, पानीपत खंड में सबसे अधिक 30 एमएम बारिश दर्ज की गई। मतलौडा में 20, इसराना में 15 और समालखा में 10 एमएम बारिश हुई, जबकि बापोली में बारिश नहीं हुई। कृषि विज्ञान केंद्र उझा के समन्वयक डॉ. सतपाल सिंह ने बताया कि स्थानीय मौसमी तंत्र में अचानक बदलाव के कारण बारिश हुई। शनिवार को भी जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मंडियों में खुले में पड़ा धान भीगा
अचानक हुई तेज बारिश ने अनाज मंडियों में जल निकासी और फसल सुरक्षा की व्यवस्था की पोल खोल दी। पानीपत और आसपास की मंडियों में शेड से बाहर तिरपाल के बिना पड़ा करीब 10 हजार क्विंटल धान बारिश की चपेट में आ गया। इसमें करीब पांच हजार क्विंटल धान पूरी तरह भीग गया। इससे धान में नमी बढ़ने और दाना काला पड़ने की आशंका है। मंडियों में जल निकासी की व्यवस्था सही नहीं होने के कारण पानी फसल की ढेरियों के बीच जमा हो गया।
विज्ञापन


जलभराव और बिजली कट से हलकान रहे शहरवासी
तेज बारिश के बाद इंसार बाजार, जीटी रोड, असंध रोड और रेलवे रोड पर पानी भर गया। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई स्थानों पर जाम लग गया। वहीं जीटी रोड पर पालीवाल कोठी के पास ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद जीटी रोड फीडर ठप हो गया और आसपास के क्षेत्र में करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। देर शाम बिजली निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत शुरू की।

कटाई के समय बारिश बनी किसानों के लिए आफत
सिवाह गांव के किसान राममेहर ने बताया कि खेत में 150 कनाल धान की फसल कटाई के लिए तैयार थी। तेज बारिश और हवा से आधी से अधिक फसल खेत में गिर गई। उझा गांव के किसान ईश्वर सिंह ने बताया कि वह दो ट्रॉली धान लेकर मंडी पहुंचे थे, लेकिन शेड में जगह नहीं होने के कारण फसल खुले में उतारनी पड़ी। बारिश में पूरी फसल भीग गई। अब इसे सुखाने में कई दिन लगेंगे और नमी के कारण उचित दाम मिलने में भी परेशानी होगी।

इंसार बाजार में जलभराव से व्यापारी परेशान
इंसार बाजार, चौड़ा बाजार समेत कई बाजारों में पानी जमा हो गया। व्यापारियों के अनुसार नाले जाम होने और सर्विस लेन के निर्माण के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे खरीदारी के लिए आए लोगों और दुकानदारों को परेशानी हुई। व्यापारी सुरेश कुमार और अजीत ने बताया कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश में बाजार जलमग्न हो जाता है। उन्होंने नगर निगम से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

जीटी रोड संजय चौक पर हुआ जलभराव। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें