कच्चा कैंप स्थित हरि नगर में एक मकान से तीन चोर ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के गहने और 50 हजार नकदी चोरी कर फरार हो गए। मकान मालिक ने बताया कि वह होली पर्व के बाद मंगलवार शाम अपने पेेतृक गांव गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी ने मकान में चोरी होने की सूचना दी। सूचना पर वह मौके पर पहुंचा और तलाशी लेने पर सामान चोरी मिला। जिसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम में चोरी की सूचना दी। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कच्चा कैंप स्थित हरि नगर निवासी सत्य नारायण ने बताया कि वह नक्शा नवीश है। उसका रामलाल चौक पर कीर्ति बिल्डिंग डिजाइनर के नाम से ऑफिस है। उनके परिवार होली पर्व के बाद अगले दिन सुबह चार बजे पूजा कर एक रस्म निभाई जाती है। जिसमें शामिल होने के लिए वह मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे वह घर पर ताला लगाकर अपने परिवार समेत पेतृक गांव मोई हुड्डा, गोहाना में माता की पूजा के लिए गया था। बुधवार को सुबह साढ़े छह बजे पड़ोसी अश्वनी ने मकान में चोरी होने की सूचना दी। जिस सूचना पर वह परिवार समेत सुबह साढ़े सात बजे घर लौटा। सामान चेक करने पर घर से एक तोले की 2 जोड़ी सोने की बाली, एक तोले की झुमकी, लोकेट समेत तीन तोले की सोने की चेन, तीन तोले का गले का सेट, तीन तोले की तीन अंगूठी, तीन तोले की दो जोडी पाजेब, चांदी के पांच सिक्के और और 50 हजार नकदी चोरी मिली।
सत्यानारायण ने बताया कि गली के मोड पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है। जिनकी फुटेज चैक की तो मंगलवार रात एक बजे तीन युवक गली में बार बार चक्कर काटते दिखे। आरोपियों ने 10 मिनट तक रैकी की। जिसके बाद वह उसके मकान की तरफ आए। कैमरे की रेंज से दूर होने की वजह से युवक कैमरे में कैद नहीं हो पाए। वह बुधवार अल सुबह साढ़े तीन बजे मकान की ओर से आते दिखे। आशंका है कि उन्होंने मकान से चोरी की है।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग निकली जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।