कार सवार तीन बदमाशों ने दुकान का सामान लेने पानीपत जा रहे एक रेहड़ी संचालक को रोककर उससे 5 हजार रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। घायल रेहड़ी वाले के सिर में 8 टांके आए हैं। पीड़ित रेहड़ी संचालक ने दावा किया है कि वह 2 बदमाशों को पहचानता है। पीड़ित की शिकायत पर थाना बापौली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बिहौली निवासी दीपक ने बताया कि वह गांव के बस अड्डे पर फास्ट फूड की रेहड़ी लगता है। वीरवार शाम को वह अपनी बाइक लेकर पानीपत सामान लेने के लिए जा रहा था। कुछ दूर पहुंचा ही था कि कार सवार 3 युवकों ने उसकी बाइक के सामने गाड़ी अड़ा दी। कार में से तीन युवक उतरे और उसके साथ छीना झपटी शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसे सिर में चोट लगी। इसी बीच बदमाशों ने उसकी जेब से 5 हजार रुपये निकाले और फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसे घर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों से उसे अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित दीपक ने बताया कि उसके साथ लूटपाट करने व चोटिल करने वालों बदमाशों में एक युवक उसके गांव का मुकेश और दूसरा गांव करहंस निवासी ऋषिपाल है। हालांकि तीसरे युवक को वह पहचानता नहीं है।
थाना बापौली प्रभारी हरनारायण ने बताया कि मुकेश के ब्यान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।