यमुनानगर। अंसल टाउन के शिवराम ने प्लॉट बेचने का झांसा देकर ज्योति नगर के गगन मेहता से 48 लाख रुपये हड़प लिए। गगन का आरोप है कि प्लॉट पर कोर्ट केस था, जिसमें फैसला अपने पक्ष में न होने पर भी शिवराम ने उन्हें प्लॉट बेच दिया। गगन के मुताबिक प्लॉट के नाम पर पहले उन्होंने चार लाख रुपये बयाने और 44 लाख रुपये रजिस्ट्री के ले लिए। बाद में खरीदे गए प्लॉट पर जब कोर्ट से समन आया तो पूरे मामले का पता लग पाया। गगन ने थाना सेक्टर-17 पुलिस को तहरीर दी, इसके बाद पुलिस ने शिवराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
गगन मेहता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह काफी समय से किराये के मकान में रह रहा था और खुद का घर बनाना चाहता था। इसके लिए दुर्गा कॉलोनी के एक आदमी ने उसे अंसल टाउन निवासी युवक से मिलवाया। युवक ने बताया कि उसके पिता शिवराम अग्रवाल के नाम सावनपुरी के पास गढ़ी मुंडो में प्लॉट है। यह प्लॉट वह 24 हजार रुपये प्रति गज की दर से उसे बेच देगा। उसे विश्वास दिलाया गया कि प्लॉट पर कोई कोर्ट केस या विवाद नहीं है। 27 दिसंबर 2023 को 48 लाख रुपये में प्लॉट का सौदा पक्का हुआ। तब बयाने के तौर पर तीन लाख रुपये का चेक व एक लाख रुपये एनएफटी से दिए। इसके बाद चार अप्रैल 2024 को जगाधरी के तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री कराई और बाकी के 44 लाख रुपये चेक से दिए गए। यह रकम बैंक से होम लोन व कंस्ट्रक्शन लोन लेकर दी थी, पर जनवरी-2025 में जब प्लॉट पर समन आए तो पता चला कि इस प्लॉट का पहले से सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा था और शिवराम अग्रवाल 20 नवंबर 2023 को प्लॉट का एक मुकदमा हार चुका है। गगन ने बताया कि कोर्ट केस की बात शिवराम व अन्य दो लोगों ने छिपाकर उससे प्लॉट बेचने का सौदा किया और रजिस्ट्री भी कराई। खुद से हुई धोखाधड़ी का पता चलने पर शिवराम व अन्य दो लोगों से अपने 48 लाख रुपये वापस मांगे, पर आरोप है कि यह लोग रुपये मांगने पर जान ने मारने की धमकी देने लगे। इन लोगों से परेशान होकर थाना सेक्टर-17 में तहरीर दी। जांच अधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।