पानीपत। ठगों ने पुरेवाल कॉलोनी निवासी युवक को पार्टटाइम जॉब का झांसा देकर 4.70 लाख रुपये ठग लिए। युवक ने ऑनलाइन टास्क के लिए ठगों के खाते में यह राशि भेजी थी। ठगी का पता चलने पर युवक ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
पुरेवाल कॉलोनी निवासी अकिंत कुमार ने बताया कि उसने 17 नवंबर को अपनी फेसबुक आईडी पर पार्ट टाइम जॉब का विज्ञापन देखा था। उसने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो वह एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया। उसकी व्हाट्सएप पर एक अज्ञात व्यक्ति से चैट शुरू हो गई। फिर उसको टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया गया।उसको ऑनलाइन टास्क दिए गए। ऑनलाइन टास्क पूरे करने पर उसको पैसे भी मिले। फिर उससे टास्क के लिए 4.70 लाख रुपये लिए गए। जब उसने टास्क मांगे तो उससे तीन लाख रुपये और मांगे गए। फिर वह समझ गया कि उसके साथ ठगी हुई है।