पानीपत। बीबीएमबी के पास स्थित ठेके से रिकवरी (वसूली) कर दूसरे ठेके पर जा रहे विक्रेता पर डंडों से हमला कर दो आरोपियों ने 40 हजार रुपये लूट लिए। इनमें से एक आरोपी की पहले उनके बीबीएमबी वाले ठेके पर विक्रेता के रूप में काम कर चुका है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात अंजाम दी। उसने आरोपी के खिलाफ सेक्टर 29 थाना पुलिस को शिकायत दे दी है।
गांव जलालपुर निवासी सोनू ने बताया वह बबैल नाके पर स्थित ठेके पर विक्रेता के रूप में नौकरी करता है। वह हर शाम बीबीएमबी और फ्लौरा चौक स्थित ठेके से नकदी इकट्ठी करने और उन्हें खाना देने का काम करता था। वह रात करीब साढ़े नौ बजे बीबीएम के पास बने ठेके से 40 हजार रुपये नकदी जमाकर बाइक पर फ्लौरा चौक पर बने ठेके पर जा रहा था। उसके पीछे रसोइया नामक युवक भी बैठा हुआ था।
जब वह राज ओवरसीज के पास पहुंचा तो दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और पीछे से उसके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इस वजह से वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। नकाबपोश दोनों आरोपियों ने डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों को पीटते देख रसोइया जान बचाते हुए भाग गया। हमले के दौरान एक आरोपी के चेहरे से कपड़ा हट गया, वह आरोपी मोंटी निकला, जो पहले बीबीएमबी कट के पास स्थित ठेके पर विक्रेता की नौकरी कर चुका है। मोंटी और उसका साथी उससे 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
सोनू ने बताया कि रसोइया दौड़ते हुए फ्लौरा चौक स्थित ठेके पर पहुंचा और वहां पर वारदात की सूचना दी। जब तक ठेकेदार और अन्य लोग वारदात स्थल पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित सोनू ने बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।
विक्रेता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ लूट की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें जुटी हुई है, जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा। - इंस्पेक्टर अंकित कुमार, सेक्टर 29 थाना प्रभारी