पानीपत। सेक्टर 18 निवासी महिला चिकित्सक के घर में प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए रखे पैसों में से 3.70 हजार रुपये चोरी हो गए। चोरी करने वाले ने नोटों की गड्डी के बीच से नोट निकालकर चोरी की वारदात काे अंजाम दिया। जब पैसों की गिनती की गई तो इसका पता चला। चिकित्सक के पति ने घरेलू नौकरानी पर रुपये निकालने का शक जाहिर किया है। थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज लिया है।
सेक्टर-18 निवासी जयदीप दहिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी निजी चिकित्सक हैं। उन्होंने एक प्लॉट का ब्याना दिया हुआ है। जिसकी रजिस्ट्री दो माह बाद होनी है। इसके लिए घर पर करीब 10 लाख रुपये अलमारी में रखे थे। शनिवार को उन्हें कुछ पैसों की जरूरत हुई तो उन्होंने अलमारी से पैसे निकाले। इसी बीच नोटों की कुछ गड्डी पतली नजर आई। उन्हें शक हुआ तो पैसों की गिनती की गई। पांच सौ रुपये की तीन गड्डी पूरी मिली। बाकी 17 गड्डियों में पैसे पूरे नहीं थे। किसी से 20 तो किसी ने 30 हजार रुपये तक कम मिले। 10 लाख में से कुल तीन लाख 70 हजार रुपये कम मिले। जयदीप ने बताया कि उन्हें शक है कि घर में काम करने वाली नौकरानी ने यह चोरी की है। थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने शिकायत के आधार पर नौकरानी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।