तो इस स्वतंत्रता दिवस पर लोगों को सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग में मिलेगी ओपीडी की सौगात
विष्णु कुमार
पानीपत। स्वतंत्रता दिवस के दिन शहरवासियों को सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग में ओपीडी ब्लॉक की सौगात मिलने जा रही है। 32 करोड़ रुपये की लागत से बनी सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग के ओपीडी ब्लॉक को तैयार करने का काम तेज गति से चल रहा है। इंजीनियर ओपीडी ब्लॉक में छोटी-मोटी कमियों को दूर करने में जुटे हुए हैं। ओपीडी ब्लॉक को तैयार कर जल्द स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन ने चल रहे कार्य का निरीक्षण किया और मिली कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि सिविल अस्पताल परिसर में 31 करोड़, 24 लाख 61 हजार रुपये की लागत से बिल्डिंग निर्माण जारी है। निर्माण कार्य फरवरी 2018 तक पूरा होना है। पुरानी बिल्डिंग में आ रही दिक्कतों के चलते नई बिल्डिंग में पहले ओपीडी चालू होनी है। डायग्नोस्टिक ब्लॉक में सीटी स्कैन की तैयारी भी साथ में चल रही है। स्वास्थ्य विभाग स्वतंत्रता दिवस पर शहरवासियों को नई बिल्डिंग में ओपीडी की सौगात देना चाहता है। इसके लिए तैयारियां तेज गति से चल रही है। ओपीडी ब्लॉक में चल रहे कार्य का निरीक्षण करने के लिए पीडब्ल्यूडी से एक्सईएन प्रदीप अत्री पहुंचे और कार्य का जायजा लिया। इस दौरान ओपीडी की सीढ़ियों में कुछ कमी मिली। एक्सईएन ने सीढ़ियों के किनारे नुकीले मिलने पर चिंता जताई और कहा कि सीढ़ियों के किनारे नुकीले नहीं होने चाहिए। उन्होंने हिदायत दी कि सीढ़ियों पर लगी टाइलों को उखाड़कर टाइलों के किनारों को गोल बनाकर लगाया जाए। एक्सईएन की हिदायत के बाद सीढ़ियों पर लगी टाइलों को उखाड़कर गोलादार शेप में दोबारा लगाने का काम शुरू कर दिया है।
मुख्यद्वार के सामने कट बनाने के लिए लिखा पत्र
एंबुलेंस समेत मरीजों के वाहन आपातकालीन वार्ड तक बिना बाधा के सीधे पहुंच सके, इसके लिए योजना बनाई जा रही है। वर्तमान समय में गोहाना रोड, जाटल रोड, रेलवे रोड, असंध रोड की तरफ से आने वाली एंबुलेंस व अन्य वाहन लघु सचिवालय से यू-टर्न लेकर अस्पताल पहुंचते हैं। नई बिल्डिंग में इलाज शुरू होने पर मुख्य द्वार के सामने जीटी रोड पर भी कट बनवाया जाएगा। ताकि मरीज को बिना देरी किए जल्द इलाज मुहैया करवाया जा सके। इसके लिए सिविल सर्जन ने हाइवे अथॉरिटी को पत्र लिखा है।
कैंटीन हटाने के लिए थमाए जा चुके हैं नोटिस
ओपीडी ब्लॉक के लिए वाहन पार्किंग व मार्ग निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया है। मार्ग निर्माण के लिए सैनिक कैंटीन, जन सेवा दल कार्यालय, वीटा मिल्क बूथ को अन्यत्र स्थान पर ले जाने का सात दिन का नोटिस दिया है। इन लोगों को सात दिन के अंदर जगह खाली करनी होगी, ताकि जीटी रोड से स्वागत द्वार तक 50 फीट चौड़े टू-वे मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
डॉक्टरों के लिए बनाए जा रहे टॉयलेट
सिविल अस्पताल की ओपीडी के अंदर नक्शे में डॉक्टरों के लिए टॉयलेट की सुविधा नहीं दी गई थी। केवल मरीजों के लिए ही नौ टॉयलेट बनाए गए थे। नई बिल्डिंग में डॉक्टरों के लिए ओपीडी के अंदर दस टॉयलेट बनाने का काम दोबारा शुरू किया है। जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
डॉक्टरों की कमी आएगी आड़े
सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग में ओपीडी जल्द शुरू हो जाएगी, वहीं नई बिल्ंिडग भी फरवरी 2018 तक तैयार हो जाएगी। नई बिल्डिंग बनने के बाद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन इन दावों में डॉक्टरों की कमी आड़े आएगी। वर्तमान समय में सिविल अस्पताल में 42 डॉक्टरों की पोस्ट सेंक्संड हैं, लेकिन सिविल अस्पताल में 24 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। सिविल अस्पताल में 18 डॉक्टरों की अभी कमी चली हुई है।
पांच वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे
सिविल अस्पताल में बारिश के दौरान पानी जमा न हो इसके लिए सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग में पांच स्थानों पर वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। एक ओपीडी ब्लॉक के सामने, एक सिविल सर्जन कार्यालय के पास, एक ओपीडी ब्लॉक के पीछे और दो नई बिल्डिंग के दोनों तरफ लगाए जाएंगे। वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम लगने के बाद बारिश का पानी अस्पताल में जाम नहीं होगा।
सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग में ओपीडी जल्द शुरू करने के लिए कहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने इसे जल्द पूरा करने की बात कही है। उम्मीद है कि शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नई बिल्डिंग में ओपीडी की सौगात दे दी जाएगी। अस्पताल में चल रही डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा है।
डॉ. संतलाल वर्मा, सिविल सर्जन, पानीपत।
सिविल अस्पताल की बिल्डिंग बनकर तैयार है। इसको फाइनल टच दिया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी जल्द ही बिल्डिंग स्वास्थ्य विभाग को सौंप देगा।
प्रदीप अत्री, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, पानीपत।