करनाल। आगामी कई दिनों तक बस अड्डा रोड, लिंक रोड और रेलवे रोड के कुछ हिस्से पर टी-फ्लाईओवर के फेज-2 का काम शुरू होने के कारण बड़े वाहनों के संचालन में परेशानी रहेगी। काम के चलते इन मार्गों पर बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है। ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले वाहनों को अब माल रोड से गुजरना पड़ेगा। वहीं, माल रोड का यातायात दबाव दो गुना से ज्यादा हो गया है और जाम जैसे हालात भी बनने लगे हैं।
बस अड्डे के आगे टी-फ्लाईओवर निर्माण के लिए चैनल लगने का कार्य शुरू होने से अड्डे के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार को भी बंद कर दिया है। इससे यहां संचालित सभी 315 बसों का रास्ता बदला गया है। अब अड्डे पर आने वाले सभी वाहनों का संचालन केवल पिछले द्वार व इससे संबंधित रास्ते से ही होगा। ऐसे में बसों को भी राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य राजमार्गों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है और जाम के कारण 10 मिनट का रास्ता तय करने में 20 से 25 मिनट का समय लग रहा है।
योजना के अनुसार, करीब एक माह तक बस अड्डे का रास्ता बंद रह सकता है। ऐसे में लोगों को निर्धारित रास्ते से ही सफर करने में जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ सकती है। करनाल रोडवेज बस अड्डे से विभाग की 180 और निजी सोसायटी की 65 बसों का संचालन होता है। सुबह चार बजे से बस सुविधा शुरू हो जाती है। इसके अलावा दूसरे डिपो की भी करीब 70 बसें अड्डे पर पहुंचती हैं, इन्हें भी अब पिछले गेट से प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा निजी वाहनों में ई-रिक्शा, टैक्सी और थ्री-व्हीलर का जमावड़ा भी पिछली तरफ ही रहता है। जिला प्रशासन की ओर से माल रोड पर व्यवस्था बनाने के लिए सात यातायात पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई हुई है। रोडवेज के जीएम कुलदीप का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के कारण फिलहाल आगामी आदेशों तक बस अड्डे के मुख्य दोनों द्वार बंद कर दिए हैं। व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों को दिक्कत नहीं आने देंगे।
इन रास्तों से निकालें वाहन-
- बस अड्डे के पिछले गेट से निकलने के बाद बसें राजकीय विद्यालय के टी-प्वाइंट से माल रोड की तरफ जाएंगी। यहीं से आंबेडकर चौक होते हुए बलड़ी चौक के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ेंगी। जबकि यह बसें पहले बलड़ी चौक से सीधे बस अड्डे पर आती थी। अब ये चक्कर बढ़ने से रेलवे रोड और माल रोड पर यातायात का दबाव बढ़ेगा।
- जिन बसों को कैथल या असंध की ओर जाना है, वे माल रोड से काछवा रोड की तरफ जाएंगी।
- पानीपत की तरफ से आने वाली बसें जिन्हें कैथल या असंध जाना होता था, अभी वे नमस्ते चौक से प्रवेश करके कमेटी चौक के रास्ते बस अड्डे पहुंचती थी लेकिन अब ये बसें भी बलड़ी बाईपास से माल रोड होते हुए बस अड्डे के पिछली तरफ पहुंचेंगी।
पहले से रहती है जाम की स्थिति
जिन मार्गोँ पर बसों को परिवर्तित करना प्रशासन की मजबूरी है। उन मार्गों पर पहले से यातायात दबाव के कारण जाम की स्थिति रहती है। रेलवे रोड पर मछली मार्केट के पास और राजकीय विद्यालय के टी-प्वांइट पर ट्रैफिक लाइटों के कारण जाम रहता है। क्योंकि इन दोनों बत्तियों के बीच की दूरी 100 मीटर के करीब ही है। इसके अलावा बस अड्डे के पिछली तरफ टैक्सी स्टैंड, कोचिंग सेंटर, दो विद्यालय, महिला आश्रम सहित कई बैंक व कार्यालय है। जहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है।