अनुज शर्मा
पानीपत। पांच जुलाई से शुरू हो रहे हरिद्वार मेले के लिए हरियाणा रोडवेज के पानीपत डिपो ने अपनी कमर कस ली है। लोगों को हरिद्वार मेले में जाने के लिए रोडवेज बसों की कमी नहीं होगी। हरियाणा रोडवेज डिपो पानीपत ने हरिद्वार मेले में बसें भेजने के लिए 15 नए परमिट लिए हैं।
रोडवेज के डीआई कपूर चंद ने बताया कि रोडवेज डिपों से आमतौर पर आठ बसें हरिद्वार जाती है। इसके अलावा हरियाणा के चार जिलों रोहतक, जींद भिवानी और सोनीपत की आठ बसें पानीपत होकर हरिद्वार जाती हैं। इस हिसाब से प्रतिदिन 16 बसें पानीपत से हरिद्वार जाती हैं। उन्होंने बताया कि हरिद्वार मेला शुरू होने से पहले और खत्म होने तक रोडवेज बसों से जिले से प्रतिदिन दो हजार यात्री जाते है और इतने ही वहां से आते हैं। इसलिए पानीपत रोडवेज डिपो ने 15 नए परमिट लिए हैं।
पांच जुलाई से पानीपत डिपो से 23 बसे जाएंगी
हरियाणा रोडवेज पानीपत ने अतिरिक्त 15 परमिट लिए है। इसके बाद पांच जुलाई से 25 जुलाई के दौरान अकेले पानीपत डिपो से 23 बसें हरिद्वार के लिए रवाना होंगी। इसके अलावा अन्य चार जिलों की आठ बसें आने से बसों की संख्या 31 तक पहुंच जाएगी। इसकी समय सारणी भी रोडवेज अधिकारियों ने बना ली है। अधिकारियों ने बताया कि पांच से 25 जुलाई तक प्रतिदिन सबसे पहली गाड़ी 5:10 मिनट पर पानीपत डिपो से रवाना होगी। आखिरी बस रात नौ बजे रवाना होगी।
यात्री बढ़े तो लेंगे दस और परमिट
रोडवेज पानीपत के जीएस एके डोगरा ने बताया कि अभी तक हरिद्वार मेले के लिए 15 परमिट लिए हैं। मेले के दौरान 15 से 20 तारीख के बीच में यदि हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो अतिरिक्त दस परमिट लिए जा सकते हैं। अबकी बार पहले से अधिक यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। समय सारणी के हिसाब से बसों को चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को कोई परेशानी ना हो सके।
यह रहेगा पानीपत से हरिद्वार जाने वाली बसों को समय
पहली बस सुबह 5:10, 6:15, 6:40, 7:20, 7:40, 8:20, 9:20, 10:40, 11:10, 12:00, 1:00, 1:20, 1:50, 2:00, 2:20, 3:00, 3:20, 3:50, 4:20, 4:40, 5:10, 5:30, 6:00, 6:25, 6:50, 7:30, 7:50, 8:20, 8:40 और रात 9:00 बजे आखिरी बस होगी।
आमतौर पर 16 बसें चलती है। हरिद्वार मेले के लिए अतिरिक्त नए 15 परमिट लियए जा चुके है। समय सारिणी निर्धारित की जा चुकी है। यात्रियों को हरिद्वार मेले के दौरान हर संभव सुविधा दी जाएगी।
अश्वनी कुमार डोगरा, जीएम, रोडवेज पानीपत।