माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अमेरिका भेजने के नाम पर 31.10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना सेक्टर-29 के नांगल खेड़ी गांव निवासी निर्दोष ने फिरोजपुर पंजाब के दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उनका आरोप है कि आरोपियों ने उसे अमेरिका भेजने के नाम पर 31.10 लाख रुपये लिए। इसके बाद उसे डंकी रूट से अमेरिका भेज दिया। जहां पर अमेरिका की सेना ने उसे पकड़ लिया और आठ माह जेल में रखने के बाद भारत वापस भेजा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सतनाम और गुरुनाम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
निर्दोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पंजाब के फिरोजपुर निवासी सतनाम और गुरुनाम सिंह से मुलाकात हुई। उन्होंने उसे अमेरिका भेजने की बात कही। 12 जुलाई 2024 को उसे मुंबई एयरपोर्ट से पोर्ट ऑफ स्पेन भेज दिया। जहां से उसे डंकी रूट से कई देशों और जंगलों सके रास्ते चार माह बाद 18 नवंबर को अमेरिका भेजा गया। इसके लिए आरोपियों ने उनके पिता से 31.10 लाख रुपये लिए। पिता ने प्लाट बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर पैसों को इंतजाम किया। जैसे ही वह अमेरिका पहुंचा तो अमेरिका की सेना ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे आठ माह तक अमेरिका में जेल में रखा गया। जहां से उसे भारत डी-पोर्ट किया गया। वापस आने के बाद उन्होंने सतनाम व गुरुनाम सिंह से बात की तो उन्होंने पैसे वापस देने से इंकार कर दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि पैसे नहीं देंगे और यदि उनका नाम लिया तो परिवार को जान से मार देंगे। पुलिस ने निर्दोष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ थाना सैक्टर-29 में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमेरिका भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। तफ्तीश में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
-अनिल कुमार, प्रभारी थाना सेक्टर-29 ।