ताऊ देवीलाल काॅलेज में काॅलेजियम का चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। ताऊ देवीलाल बीएड काॅलेज का संचालन करने वाली जाट धर्मार्थ सभा के चुनाव से पहले काॅलेजियम प्रतिनिधियों का चयन होना है। काॅलेजियम सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन भरने के अंतिम दिन 290 प्रतिनिधियों ने आवेदन जमा किए गए हैं। जाट सभा के 3775 सदस्य हैं। इन पर 13 का कालेजियम बना है। पांच सदस्यों के लिए एक और काॅलेजियम बनेगा। सभी काॅलेजियम प्रतिनिधि अपने मताधिकार से दिसंबर माह में होने वाले जाट सभा के प्रत्याशियों को चुनेंगे।
चुनाव अधिकारी रणसिंह सहरावत ने बताया कि जाट धर्मार्थ सभा का तीन वर्ष का कार्यकाल होता है। उन्होंने बताया कि काॅलेजियम का चुनाव 23 नवंबर को होना है। हर बार चुनाव से पहले काॅलेजियम का चुनाव होता है। जिससे हर सदस्य को चुनाव में प्रतिनिधित्व मिल सके। प्रतिनिधियों के फार्म की छंटनी सोमवार को होगी व 13 नवंबर तक नाम वापसी ले सकते हैं। किसी के नाम पर सहमति नहीं बनने पर उन दावेदार प्रतिनिधि का चुनाव कराया जाएगा। जिनको 14 को चुनाव चिन्ह वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिनिधि अगले माह होने वाले जाट सभा के प्रधान, उपप्रधान, महासचिव और कोषाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी के 17 सदस्यों का चुनाव करेंगे। वही सभा के उपप्रधान जितेंद्र भापरा ने काॅलेजियम चुनाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि काॅलेजियम चुनाव को लेकर उन्हें किसी ने सूचना नहीं दी। उस पर चुनाव अधिकारी सहरावत ने कहा कि एक माह से चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा कर रखी है।