पानीपत। आठ मरला चौक स्थित एटीएम में पैसे निकलवाने गए हैंडलूम उद्यमी का एटीएम कार्ड चोरी हो गया। चोर ने एटीएम मशीन में दूसरा कार्ड लगा दिया। कुछ देर बाद चोर ने एटीएम कार्ड से उद्यमी के खाते से साढ़े 28 हजार रुपये चोरी कर लिए। उद्यमी ने बैंक मैनेजर से संपर्क कर खाते में बची बाकी राशि को होल्ड करवा दिया। इसके बाद घटना की सूचना मॉडल टाउन थान पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
न्यू आरके पुरम निवासी हैंडलूम उद्यमी रमेश शर्मा पुत्र लखमी चंद ने बताया कि वह बुधवार सुबह घरेलू काम के लिए आठ मरला चौक स्थित केनरा बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने गया था। उसने अपने कार्ड से 10 हजार रुपये मशीन से निकले। उसका एटीएम कार्ड मशीन में ही था। वह पैसे निकलवाने के बाद गिन रहा था। उसके पीछे खड़े एक युवक ने बड़ी ही चतुराई से उसका एटीएम कार्ड निकालकर दूसरा कार्ड मशीन में लगा दिया और एटीएम कार्ड लेकर भाग गया। उसने एटीएम कार्ड निकालकर देखा तो ये कार्ड किसी और का मिला। उसने उस युवक की काफी तलाश की लेकिन उसका भेद नहीं लगा। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से साढ़े 28 हजार रुपये डेबिट होने का मैसेज आया। वह तुरंत केनरा बैंक में गया और अपने खाते में बची दो लाख रुपये की राशि को होल्ड कराया। इसलिए वह राशि बच गई। उसकी पुलिस से मांग है कि आरोपी को पकड़कर उस पर कार्रवाई की जाए।