पानीपत। लारेंस बिश्नाेई व गाेल्डी बराड़ गैंग के नाम पर विराट नगर निवासी एक प्राॅपर्टी डीलर से फोन कर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने विदेशी नंबर से फोन किया था। आरोपी ने उनको व्हाटएप पर भी रंगदारी से संबंधित मैसेज भी भेजे है। माॅडल टाउन थाना की पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विराट नगर के अनमाेल ने बताया कि वह प्राॅपर्टी डीलर का काम करता है। उसके पास शुक्रवार दाेपहर बाद साढ़े तीन बजे विदेशी नंबर से फोन आया। व्यक्ति ने खुद काे लाॅरेंस गैंग से बताते हुए 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उसने कहा कि 25 लाख रुपये देकर मामला रफा-दफा कर दाे, वरना बात बढ़ जाएगी और बाद में इससे ज्यादा रुपये देने पड़ेंगे। उसने रुपये देने से मना कर दिया और फाेन काट दिया। उनके दूसरे नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। उसने खुद काे अभि उर्फ अभिषेक जाट बताया। उसने कहा कि मैं भी लारेंस गैंग से हूं। उसने भी 25 लाख रुपये की मांग की और मना करने पर गाली-गलाैज की। पुलिस को शिकायत देने पर उसे और उनके छाेटे भाई काे जान से मारने की धमकी दी। पूरे परिवार में डर का माहाैल बना हुआ है। उनका आरोप है कि पुलिस शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रही है। ब्यूरो
वर्जन
विराट नगर में एक व्यक्ति से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। इसमें शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जगमहेंद्र सिंह, प्रभारी, थाना पुलिस माॅडल टाउन।