समालखा। सामान्य अस्पताल में पहले ही डाक्टरों की कमी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और शाम को इमरजेंसी सेवाएं बंद हैं। एसएमओ के बाद एक और डॉक्टर के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद अब केवल एक ही डॉक्टर के सहारे पूरा अस्पताल चल रहा है। सौ बेड के अस्पताल की जिम्मेदारी महज एक डॉक्टर के कंधों पर आ गई है।
कोरोना के मामले शहर में लगातार बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य कर्मी भी लगातार कोविड संक्रमण से पीड़ित हो रहे हैं। कुछ दिन पहले सामान्य अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजय कुमार अंतिल कोरोना से संक्रमित हुए और उनके बेटे को भी कोरोना हो गया। वहीं शुक्रवार को अस्पताल के एक अन्य चिकित्सक डॉ. पवन भी कोरोना संक्रमित हो गए।
अस्पताल में एसएमओ सहित कुल तीन डाक्टर हैं और इमरजेंसी सेवाएं पहले ही चिकित्सकों की कमी के कारण बंद थी। अब केवल एक ही डॉक्टर के रहने के कारण समस्या बढ़ गई है। एसएमओ डॉ. संजय कुमार अंतिल ने बताया कि वह घर पर आइसोलेट हैं और एक अन्य डॉक्टर भी संक्रमित हो गए हैं। इस वक्त एक ही डॉक्टर ड्यूटी पर हैं।