फोटो संख्या- 38
200 रुपये के लिए युवक की पिटाई, अस्पताल में दम तोड़ा, हत्या का केस दर्ज
-परिजनों ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया, गांव छाजपुर खुर्द का मामला
अमर उजाला ब्यूूरो
पानीपत। गांव छाजपुर खुर्द में नौ लोगों ने 200 रुपये के लिए मनोज (23) पुत्र राजेंद्र की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने मनोज पर जानलेवा हमले के मामले को सोमवार को बदलकर हत्या की धारा में तब्दील कर दिया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मनोज व विशाल पुत्र श्याम के बीच 200 रुपये की नगदी को लेकर तीन जुलाई को विवाद हुआ था। वहीं चार जुलाई को मनोज व इसके मामा और मौसा के साथ भी विशाल पक्ष ने मारपीट की थी। आठ जुलाई को फिर मनोज, इसके भाइयों गौरव, जोनी मौसी व मौसा के साथ मारपीट की गई थी। मारपीट में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसको निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहीं उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मनोज को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सोमवार को उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर परिजन व पुलिस पहुंची।
इधर, पुलिस ने मनोज व उसके परिजनों के साथ मारपीट के मामले में केस दर्ज कर रखा था। मनोज के परिजनों ने आरोप लगाया कि मुकेश पुत्र लख्खीराम, अमित पुत्र कंवल सिंह, पवन व बलेश पुत्र पासाराम, संजय पुत्र कर्मबीर, श्याम पुत्र रामेश्वर, विशाल पुत्र श्याम, सोनू पुत्र सुंदर, रामरत्न पुत्र सुल्तान निवासी गांव छाजपुर खुर्द ने मिल कर मनोज के साथ एक बार नहीं बल्कि कई बार मारपीट की थी। मारपीट में मनोज का मामा व मौसा, मौसी और परिवार के भाई भी घायल हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मनोज की योजनाबद्ध तरीके से तीन जुलाई को मुकेश व व विशाल ने पीटा था। चार जुलाई को अमित, मुकेश, श्याम, विशाल व संजय ने मारपीट की थी। इस मामले की शिकायत करने गए मनोज के मामा इंद्रपाल व मौसा सतबीर के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आठ जुलाई को हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से साजिश रच कर मनोज व उसके परिजनों की पिटाई की थी। पुलिस ने बताया कि उसकी मौत के मामले की जांच की जा रही है। मनोज की मौत मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर, पुलिस मनोज की अंत्येष्टि होने तक साथ रही। पुलिस को शक था कि मनोज के परिजन आंदोलन कर व्यवस्था को बाधित कर सकते हैं।