नगर निगम कमिश्नर ने जेबीएम अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए निर्देश
खाली प्लाटों से साफ करें कूडे़ के ढेर, रात में भी करें सफाई
- मेयर ने भ्रष्टाचार की आशंका पर कराया था रात के समय कूड़ा उठान को बंद, मीटिंग के बाद अब फिर से शुरू होगी रात के समय सफाई
- कमिश्नर बोले- कर्मचारियों के साथ शहरवासी का साथ जरूरी, तभी बन सकते है सफाई में नंबर वन
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। शहर में बढ़ती गंदगी को देख नगर निगम कमिश्नर ने जेबीएम कंपनी के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने आदेश दिया कि वह कूड़ेदान के अलावा प्लाटों में लगे कूड़े के ढेर को भी साफ करेंगे। कमिश्नर ने कहा कि अब दिन के साथ-साथ देर रात तक भी सफाई की जाएगी।
वहीं दूसरी और जेबीएम कंपनी के अधिकारी ने कहा कि ऐसा टेंडर कॉपी में कहीं नहीं लिखा की उन्हें प्लाटों से कूड़ा उठाना पड़े, लेकिन जब कमिश्नर ने उनको निर्देश दिए हैं तो उनको आदेशों की पालना करनी होगी। जेबीएम कंपनी द्वारा बुधवार को देर रात तक प्लाटों से सफाई की गई।
गौरतलब है कि मेयर अवनीत ने कुछ समय पहले जेबीएम कंपनी पर भ्रष्टाचार की आशंका पर रात के समय होने वाली सफाई को बंद करवा दिया था, जिसके बाद कमिश्नर ने बैठक कर रात के समय सफाई करने को लेकर उनको हरी झंडी दे दी है।
जानकारी देते हुए नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि शहर भर से रोजाना सफाई न होने के केेस सामने आ रहे हैं, जिनसे 80 प्रतिशत शिकायत प्लाटों में से कूड़ा उठान न होने की है। जेबीएम कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों को यह आदेश था कि वह प्लाटों से गंदगी को नहीं उठाएंगे, लेकिन शहर में बढ़ती गंदगी की समस्या को देखते हुए उन्होंने जेबीएम कंपनी के साथ बैठक की है, जिसमें उनका आदेश दिया गया है कि वह अब दिन के अलावा देर रात तक शहर के प्लाटों में जमा गंदगी को भी साफ करेंगे। उनको कहा कि पहले वह दिन में सभी प्लाटों का निरीक्षण करेंगे, उसके बाद वह रात में जाकर उन प्लाटों से कूड़ा उठान शुरू करेंगे। उनको कहा गया है कि हर वार्ड के हिसाब से इस अभियान को चलाए, जिससे उनको किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
पार्षद दिन में दिखाएगा खाली प्लाट में जमा गंदगी, रात को होगी सफाई : नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि जेबीएम कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी दिन में पार्षद के साथ जाकर प्लाट में जमा गंदगी का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद वह रात में जाकर उस गंदगी को उठाएंगे। इस फैसले से किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं पार्षदों का कहना है कि कमिश्नर के इस फैसले से उनको काफी प्रशंसा हुई है। वह खुद भी कमिश्नर को खाली प्लाट में जमा गंदगी की शिकायत देते रहे है, जिसके काफी समय बाद उन्होंने यह फैसला लिया है।
रात के समय गंदगी उठाने से नहीं लगेगा जाम : जेबीएम कंपनी के अधिकारी अंतिंद्र सिंह का कहना है कि रात के समय कूड़ा उठाने से न ही जाम लगेगा और न ही लोगों को परेशानी का सामना होगा। रात के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं होती है और आसानी से उनकी क्रेन अंदर जाकर सफाई कर सकती है। बाजारों में रात के समय सफाई करने का सबसे ज्यादा लाभ होता है, क्योंकि दिन में बाजारों में जाम की स्थिति रहती है।
एक सप्ताह तक चलाएंगे अभियान : नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि प्लाटों से कूड़ा उठान के अभियान को एक सप्ताह तक चलाया जाएगा। जिसके बाद जरूरत पड़ी तो कर्मचारियों की संख्या में इजाफा किया जाएगा, जिससे सफाई अच्छे तरीके से हो सकेगी। उन्होंने बताया रोजाना सफाई शाम 9 बजे तक सफाई होती थी, लेकिन इसकी समय सीमा को बढ़ाकर उन्होंने रात 11 से 12 बजे तक कर दिया है।
35 प्लाटों के मालिकों को दिए चारदीवारी करने के नोटिस : नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि 35 प्लाटों के मालिकों को प्लाट की चारदीवारी करने के नोटिस दिए गए हैं और कहा गया है कि अगर उन्होंने जल्द ही प्लाट की चार दीवारी नहीं करवाई तो उनके प्लाट को सील कर दिया जाएगा। कर्मचारियों के साथ-साथ शहरवासियों को भी सफाई में अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि अगर खाली प्लाट की चार दीवारी होगी तो कोई भी उस प्लाट में गंदगी नहीं फेंकेगा।
प्लाटों मेें जमा गंदगी से बढ़ रही बीमारियां : वार्ड 11 स्थित भारत नगर निवासी कंवरपाल खोखर का कहना है कि सफाई कर्मचारी प्लाटों से गंदगी नहीं उठा रहे हैं, जिसके कारण कॉलोनी में गंदगी फैली हुई है। सफाई न होने से बीमारियां बढ़ रही है। लोगों में बीमार होने का भय बना हुआ है। अभी तक जेबीएम के किसी भी कर्मचारी ने प्लाटों से गंदगी नहीं उठाई है जिसके कारण प्लाटों में कूड़े के ढेर लग गए है।
रात में सफाई होने से सुबह बाजार मिलता है साफ : इंसार बाजार प्रधान गौरव लिखा का कहना है कि रात के समय सफाई होने से सुबह के समय बाजार साफ मिलता है, जिससे बाजार में चमक-दमक बनी रहती है। जेबीएम कंपनी के कर्मचारी अगर दिन के समय सफाई करते हैं तो बाजारों में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है, जिसके कारण लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है। रात के समय सबसे ज्यादा फायदा बाजार के दुकानदारों को होता है।
बुधवार से कर्मचारी करेंगे प्लाटों में सफाई अभियान शुरू : नगर निगम कमिश्नर वीना हुड्डा का कहना है कि उन्होंने जेबीएम कंपनी के साथ बैठक की है, जिसमें उनको आदेश दिया है कि वह अब से कूड़ेदानों के अलावा प्लाटों से भी गंद उठाना शुरू करें। दिन में प्लाटों का निरीक्षण करें और रात को उसकी सफाई करें। उन्होंने कहा कि रात 9 बजे की समय सीमा को बढ़ाकर 11 से 12 बजे तक करे। संसाधन व कर्मचारियों की संख्या को बढ़ाएं, जिससे उनको परेशानी का सामना न करना पड़ेगा। इसके अलावा शहरवासियों से अपील है कि वह सफाई कर्मचारियों का साथ दें, ताकि पानीपत शहर को स्वच्छ बनाया जा सके।
फोटो संख्या-25 से 28