पानीपत। जिला अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से आयोजित होने वाले जिला युवा महोत्सव का इंतजार समाप्त हो गया है। महोत्सव के लिए मंच तैयार हो चुका है। मंच युवाओं को हुनर दिखाने का मौका देगा। इसके आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं, प्रतिभागी अपनी प्रतिभा दिखाने को आतुर हैं। एसडी कॉलेज के ऑडिटोरियम में दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव को आगाज सोमवार से होगा। युवा महोत्सव का शुभारंभ पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रधानाचार्य एवं जिला युवा संयोजक अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि महोत्सव के लिए 190 युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। महोत्सव में केवल वही प्रतिभागी शामिल होंगे जिन्होंने माई भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाया है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकेगा। यह प्रतियोगिता पूरी तरह ओपन कैटेगरी में है। संवाद
युवाओं की प्रतिभा व सृजनशीलता को मिलेगा मंच
डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने का यह एक उत्कृष्ट अवसर है। दो दिवसीय युवा महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, कलात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें चित्रकला, लोक नृत्य समूह, गायन, लोक गायन समूह, विज्ञान प्रदर्शनी, कविता व कहानी लेखन, भाषण, डिक्लेमेशन, ग्रुप फॉक म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिता, ग्रुप व सोलो फॉक म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिता, इनोवेशन ट्रैक आदि विधाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लोक नृत्य समूह, लोक गायन समूह केवल हरियाणवी संस्कृति पर ही आयोजित किए जाएंगे जिसमें अधिकतम 13 प्रतिभागी साजिंदे सहित शामिल होंगे। साजिंदों की कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं है।