युवती से छेड़छाड़ व जातिसूचक शब्द कहने के मामले में पूछताछ करने पहुंची महिला आयोग की टीम
-डीएसपी, एसएचओ मिली छुट्टी पर, एसपी ने नहीं उठाया फोन
पानीपत। हथवाला गांव की एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने व जातिसूचक शब्द कहने के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज महिला आयोग की टीम शनिवार को महिला थाने में पहुंची। यहां पर डीएसपी व एसएचओ छुट्टी पर मिली। उन्होंने एसपी को कॉल की, लेकिन एसपी भी छुट्टी पर थी। उन्होंने महिला पुलिस अधिकारियों को मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को समय दिया है।
महिला आयोग, चंडीगढ़ की सदस्य नर्मता गौड़ ने बताया कि हथवाला गांव की एक युवती ने समालखा क्षेत्र के ही एक युवक पर छेड़छाड़ व जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया था। इस मामले में उसने पुलिस में शिकायत दी थी। पानीपत के तत्कालीन एसपी ने मामले की निष्पक्ष के लिए फाइल करनाल पुलिस को भेजी थी। करनाल के डीएसपी ने मामले की जांच रिपोर्ट बनाकर पानीपत पुलिस को भेजी थी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था। युवक बाद में जमानत पर आ गया। उसने बाहर आकर युवती पर झूठा केस दर्ज करवा दिया। पुलिस ने बिना सबूतों के ही युवती पर केस दर्ज कर लिया। उनको पुलिस की जांच में कई खामिया मिली है। इसी सिलसिले में वो पानीपत पुलिस से पूछताछ करने के लिए आई थी। मगर यहां पुलिस अधिकारी छुट्टी पर मिले है। सोमवार को मामले के बारे में पुलिस अधिकारियों से बात करेगी। पुलिस पुलिस का रवैया ऐसा ही रहा तो वो इस बारे में सीएम से शिकायत करेंगी।