पानीपत। वार्ड-17 की संजय कॉलोनी में करीब 3000 लोग रहते हैं। इन सभी को 30 दिन से नगर निगम गंदा पानी सप्लाई कर रहा है। इस मामले में पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से कॉलोनी वासियों ने पांच बार शिकायत की, लेकिन गंदा पानी आने की समस्या तो दूर नहीं हुई, उल्टा पानी में रेत और आने लगी। हालात यह है कि लोगों को अपनी कॉलोनी से एक किलोमीटर दूर स्थित कृष्णपुरा कॉलोनी में रोज सुबह जाना पड़ता है। वहां लगे सरकारी हैंडपंप से पानी भरकर लाना होता है। रोज लोगों को दो किलोमीटर का चक्कर दिन में कई बार लगाना होता है।
निवासियों ने बताया कि एक महीने से घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। पानी में एक चौथाई हिस्सा रेत का आ रहा है। जिसे पीना मुमकिन नहीं है। गंदा पानी पीने से लोग बीमार पड़ रहे हैं, कुछ लोगों के शरीर पर दाने तक निकल आएं हैं। इतना ही नहीं कई बार तो एक सप्ताह तक पानी ही नहीं आता है, जिससे कॉलोनी के लोगों की मुसीबत और भी बढ़ जाती है। पानी के लिए उनका सहारा कृष्णपुरा कालोनी का सरकारी हैंडपंप ही है।
घर में लगवाई पानी की दो टंकियां : कॉलोनी निवासी बीरमति ने बताया कि कभी पानी आता है तो कभी गंदा पानी आता है। कभी पानी में रेत आने लगती है। पीने के पानी के लिए उन्हें एक से डेढ़ किलोमीटर का एक तरफ का चक्कर लगता है। एक-एक सप्ताह तक पीने का पानी नहीं आता। जो आता है, उसमें एक चौथाई रेत होती है। एक सप्ताह तक पानी नहीं आने की वजह से दो टंकियां लगवाई थी, लेकिन अब गंदा पानी आने से टंकी ही नहीं भर सकते हैं।
आरओ का पानी पीना पड़ रहा : कॉलोनी निवासी विशाल ने बताया कि गंदा पानी पीने से निवासी बीमार हो रहे हैं। किसी के शरीर पर लाल दाने तो किसी के लीवर पर असर पड़ रहा है। कॉलोनी में लगभग 80 प्रतिशत परिवार पिछले एक माह से आरओ का पानी मंगवा रहे हैं, जिसकी वजह से गृहस्थी का खर्च भी बढ़ गया है।
शिकायत करने के बाद नहीं होता समाधान : कॉलोनी निवासी गंगाराम ने बताया कि एक माह पहले गंदा पानी आने के बाद तुरंत उन्होंने पार्षद से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को शिकयात की, लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। तब से अब तक गंदा पानी आ रहा है।
कॉलोनी में जलघर के सरकारी ट्यूबवेल से आपूर्ति होती है। यह खराब हो गया है, जिसके बारे में पब्लिक हेल्थ को जानकारी दे दी गई है। नगर निगम को भी बताया गया है। सोमवार को ट्यूबवेल लगाने की मशीन आ गई है। ट्यूबवेल का सामान आते ही कालोनी में लगाया जाएगा, जिससे गंदे पानी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
- प्रमोदी देवी, पार्षद वार्ड- 17