एसपी के तबादले से दलित वकील नाराज, वर्क सस्पेंड कर किया विरोध
-दलित वकीलों ने वर्क सस्पेंड किया, दलित आयोग और मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। एसपी संगीता कालिया का पानीपत से भोंडसी तबादला किए जाने के विरोध में वीरवार को दलित समाज के वकीलों ने वर्क सस्पेंड किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पर दलित पुलिस अधिकारी को परेशान करने का आरोप लगाया। दलित वकीलों ने एसपी कालिया का तबादला पानीपत से भोंडसी किए जाने की शिकायत एससीएसटी आयोग, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से भेजकर एसपी संगीता कालिया के साथ न्याय करने की अपील की है।
दलित वकीलों का नेतृत्व कर रहे एडवोकेट अनिल भान ने बताया कि फतेहाबाद में शराब तस्करी के मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज व एसपी संगीता के बीच बहस हुई थी। तब से मंत्री विज, आईपीएस संगीता कालिया के साथ रंजिशन रखते हैं। पानीपत से एसपी संगीता कालिया का तबादला सिर्फ इसलिए करवाया गया कि संगीता कालिया जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में नहीं गई। उन्होंने कहा कि बैठक में नहीं आने के कारण की जानकारी एसपी संगीता से लेनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा दलित अधिकारियों का शोषण किया जा रहा है। वहीं संगीता का तबादला नारी जाति का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि आईपीसी संगीता कालिया के शोषण के खिलाफ पानीपत के दलित वकील अन्य जिलों के दलित वकीलों को अपने साथ जोड़ेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
गौरतलब है कि पानीपत जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में नहीं आने से स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, एसपी संगीता कालिया से नाराज चल रहे थे। विज ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। शिकायत के चलते प्रदेश सरकार ने एसपी संगीता कालिया को पानीपत जिला से तबादला कर भोंडसी भेज दिया। वहीं पानीपत जिला की कमान एसपी मनबीर को सौंपी गई थी।