संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला।/चंडीमंदिर। मोरनी हिल्स स्थित एक फार्म हाउस में सोनीपत के युवक के साथ मारपीट कर उसे छत से नीचे फेंकने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित आर्यन की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने दोस्तों पर 20 हजार रुपये नकद और अन्य सामान ले जाने का भी आरोप लगाया है।
सेक्टर-23 सोनीपत निवासी आर्यन ने पुलिस को बताया कि वह 9 अक्टूबर को दोस्तों के साथ फार्म हाउस पर घूमने गया था। आरोप है कि 10 अक्टूबर की रात कुछ दोस्त शराब पी रहे थे। आर्यन और तनिष ऊपर कमरे में चले गए। आर्यन का कहना है कि दोस्तों के हंगामे का वीडियो बनाने पर उन्होंने उसे धमकाया।
शिकायत के अनुसार, सुबह करीब सात बजे अक्षय डंडा लेकर कमरे में आया और उसके चेहरे पर वार कर दिया। इससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई। आरोप है कि लक्की ने उसके हाथ पकड़े और अंकुर ने गला दबाया। अंशु और तनिष ने भी लात-घूंसों से मारपीट की। इसके बाद पांचों ने उसे छत से फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह ग्रिल पकड़कर बच गया।
केयरटेकर के पहुंचने पर आरोपी भाग गए। आर्यन ने डायल-112 पर सूचना दी। उसे अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने बैग से आईफोन-7 स्मार्ट वॉच और पावर बैंक ले जाने का भी आरोप लगाया है।