टांगरी पुल पर नाकाबंदी में कार्रवाई, यूपी तक जुड़े तार तीन दिन के रिमांड पर आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। पंचकूला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुररानी क्षेत्र से 607 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला की टीम इंस्पेक्टर निर्मल कुमार के नेतृत्व में अभियान चला रही थी। इसी दौरान एएसआई प्रदीप कुमार की टीम गांव टोका क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि आरोपी अरुण कुमार उर्फ अनिल, निवासी कुराली (जिला अंबाला), काले रंग की वैन्यू कार में अफीम लेकर रायपुररानी में सप्लाई देने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टांगरी पुल के पास क्रशर जोन में नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर चालक को काबू किया गया, जिसने पूछताछ में अपनी पहचान अरुण कुमार उर्फ अनिल के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद और वैन्यू कार भी बरामद की है। थाना रायपुररानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह विभिन्न क्षेत्रों में अफीम की सप्लाई करता था और इसका मुख्य सप्लायर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।