पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित द एस्केप लाउंज बार में पार्टी करने पहुंचे एक युवक के साथ छह लड़कों ने मारपीट की। पीड़ित ने क्लब से भागकर पीसीआर के पास पहुंचकर जान बचाई। पुलिस को देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर वंशज सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ निवासी ठाकुर अभय सिंह चीमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अक्तूबर की देर रात करीब दो बजे द एस्केप लाउंज बार में पार्टी कर रहे थे। पार्टी के दौरान वह एक कोने में टेबल के समीप खड़े थे। इसी दौरान उनके पास वंशज आया और टेबल खाली करने को कहा। इस पर दोनों की बहस हो गई और वंशज सहित उसके साथ छह लड़कों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह किसी तरह जान बचाकर द एस्केप के बाहर भागा और पुलिस की पीसीआर के पास पहुंचा। पुलिस कर्मियों को जानकारी दी लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित चिल्लाता रहा मत मारो
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में जब आरोपी उसके साथ मारपीट कर रहे था वह चिल्ला-चिल्ला कर बोलते रहे कि उनके बैक बोन में पहले फ्रैक्चर हो चुका है मत मारो, लेकिन उनकी बात किसी एक ने भी नहीं सुनी। सभी आरोपी पीटते रहे। ज्यादा हंगामा होते देख लाउंज बार मालिक ने बाउंसर बुलाकर सभी को लाउंज बार से बाहर जाने को कहा। इसके बाद पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
द बुडेगा में युवक पर तानी थी पिस्टल
पिछले दिनों सेक्टर-5 स्थित द बुडेगा क्लब में सुबह 4 बजे मामूली बहस पर एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति पर पिस्टल तान दी थी। इसके बाद लाउंज बार मालिक ने बीच बचाव करते हुए पिस्टल तानने वाले व्यक्ति को क्लब से बाहर निकाला था। पुलिस ने जीरकपुर निवासी मलिन मोंगिया की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। इसे पहले सेक्टर-5 स्थित दो क्लबों के बाहर रंगदारी के लिए दो बार फायर भी हो चुके है।