चंडीगढ़। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि संसद में विपक्ष का सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाना गलत है। अगर कोई भी सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाएगा तो वहां मौजूद सदन के कर्मचारी अपनी ड्यूटी निभाते हुए उन पर कार्रवाई करेंगे।
दुष्यंत वीरवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने खुद पांच साल तक सदन की कार्यवाही में भाग लिया है, लेकिन कभी इस तरह सदन में टेबल पर चढ़कर, कागज फाड़कर या वेल में आकर सदन की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचाई। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस विषय पर उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बातचीत की है। पेपर लीक मामले को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है, मामले की जांच जारी है। कई लोगों को पकड़ा भी जा चुका है। अगर इस मामले में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग से जुड़ा हुआ कोई मिलता है तो उस पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
हरियाणा सरकार टैक्स चोरों के खिलाफ अन्य राज्यों के मुकाबले देश में अव्वल स्थान पर रहकर आधुनिक तरीके से कार्रवाई कर रही है। जो लोग टैक्स चोरी करते हैं, उन्हें पकड़ने में प्रदेश का सिस्टम पूरी तरह मजबूत है। यही नहीं राज्य सरकार ने टैक्स चोरी पकड़ने के लिए स्वतंत्र रूप से एक विशेष टीम का गठन कर रखा है। इनके अलावा वरिष्ठ अधिकारी भी अलग से काम कर रहे हैं। इतना ही नहीं हरियाणा राज्य में जीएसटी के लिए नई प्रणाली मॉडल-2 को भी लागू कर दिया है।