95 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च, वाकिंग ट्रैक व साइकिल ट्रैक भी बनेगा माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर के दो नालों की सफाई और सौंदर्यीकरण का काम मार्च में शुरू हो जाएगा। इसका वर्क टेंडर अलॉट कर दिया गया है। इस परियोजना पर करीब 95 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 10 किलोमीटर के नालों की सफाई के अलावा ग्राउंड से एक मीटर ऊंची रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी। उसके ऊपर करीब छह फीट की जाली लगाई जाएगी। इस वॉल के निर्माण के बाद कूड़ा कचरा और अन्य अपशिष्ट फेंकने की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इस परियोजना की जांच आईआईटी से करवाई जाएगी ताकि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। पीएमडीए ने नालों के आसपास पैदल और साइकिल ट्रैक, बच्चों के लिए खेल के मैदान और हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाई है। इससे पर्यावरण को फायदा मिलेगा।
हरियाली बढ़ाने के लिए नालों के आस-पास पेड़ लगाए जाएंगे। इन सभी कार्यों के पूरा हो जाने के बाद शहरों में रहने वाले लोगों को साफ-सुथरी सार्वजनिक जगह मिलेगी।
लोग योग भी कर सकेंगे
सिंह नाला चो के सौंदर्यीकरण के साथ बैडमिंटन ग्राउंड, योग स्थल, फुटओवर ब्रिज सहित लोगों के लिए वाकिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा। यह दोनों नाले करीब 10 किलोमीटर की दूरी के हैं। यह माजरी चौक के पास से सेक्टर 21 और 20 से होकर पंजाब के पीरमुछल्ला की ओर जाता है।
नालों का सौंदर्यीकरण भी होगा
शहर के सौंदर्यीकरण और लोगों की सहूलियत के लिए पीएमडीए सिंह नाला चो और मनसा देवी नाले पर साइकिल ट्रैक बनाने की योजना बनाई है। इससे हादसों में भी कमी की उम्मीद है। चाहे गर्मी हो या बारिश, ट्रैक पर साइकिल चलाने में कोई परेशानी नहीं होगी। चाहे 8 साल का बच्चा साइकिल चलाए या फिर 80 साल का बुजुर्ग, सबकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर इस ट्रैक की प्लानिंग की गई है।
कोट
शहर के दो नालों की सफाई और सौंदर्यीकरण का काम जल्द शुरू होगा। इसका वर्क टेंडर जारी कर दिया है। करीब 95 करोड़ से सिंह नाला और मनसा देवी नाले का सौंदर्यीकरण होगा। -के. मकरंद पांडुरंग, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमडीए