हत्या के एक मामले की दोषी एवं अंबाला जेल में बीस साल की सजा काट रही एक महिला कैदी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला कैदी से दुष्कर्म का खुलासा उस समय हुआ, जब पेट दर्द होने पर उसकी डॉक्टरी की गई। जांच में उसके करीब चार महीने की गर्भवती होने का पता लगा।
महिला कैदी ने जेल स्टाफ को बताया कि उससे पिंजौर निवासी दो लोगों ने दुष्कर्म किया है। बताया कि हत्या के मामले में बीस साल की सजा होने से पहले वह अंबाला जेल में बंद थी। तो जेल में ही बंद एक महिला से उसकी जान पहचान हुई। फिर उनके बीच बहनों का रिश्ता बना।
बताया कि बहन बनी महिला जमानत पर जेल से छूट गई। तो फिर उसने पीड़िता की भी जमानत लगा दी और उसके जमानत पर छूटने के बाद वह उसे पिंजौर स्थित अपने घर ले गई। महिला कैदी ने जेल स्टाफ के अधिकारियों को बताया कि उसके बाद बहन बनी महिला के पति व एक अन्य ने पिंजौर में दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद अंबाला जेल प्रबंधन ने पंचकूला पुलिस विभाग को पत्र के माध्यम से वारदात की सूचना दी। पंचकूला की महिला थाना पुलिस ने आरोपियों पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। थाने के पुलिसकर्मी आरोपियों को अरेस्ट करने के लिए शनिवार शाम ही पिंजौर रवाना हो गए। महिला थाने के एसएचओ ने बताया कि फिलहाल आरोपी अरेस्ट नहीं किए गए हैं लेकिन उनकी धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।