संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गांव अलीपुर में रविवार सुबह 25 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार महिला पति के साथ गांव अलीपुर में किराए के मकान में रहती थी। रविवार सुबह उसका पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान महिला ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब पति वापस घर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर उसने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो महिला फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर रामगढ़ चौकी से जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया जिसने मौके से जरूरी सैंपल एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। महिला के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।