मतदान केंद्र पहुंचीं तो पता चला वोट पहले ही पड़ चुका, निष्पक्ष जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर-1 स्थित एमडीसी सेक्टर-4 मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में फर्जी मतदान के आरोप सामने आए हैं। एक महिला मतदाता ने आरोप लगाया कि उनके नाम पर पहले ही वोट डाला जा चुका था।
सुरेंद्र राठी ने बताया कि आर्मी फ्लैट सेक्टर-4 निवासी उषा रानी जब मतदान करने बूथ पर पहुंचीं तो उन्हें जानकारी दी गई कि उनका वोट पहले ही डल चुका है। इस पर उषा रानी ने कड़ी आपत्ति जताई।
उषा रानी ने कहा कि वह सोसाइटी की चुनी हुई एग्जीक्यूटिव सदस्य हैं और उनकी जानकारी के बिना कोई दूसरा व्यक्ति उनका वोट कैसे डाल सकता है। आरोप है कि शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामला शांत करवाने के लिए दोबारा वोट डलवाने की बात कही।
सुरेंद्र राठी ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था और पहचान पत्रों की जांच के बावजूद इस तरह की घटनाएं चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि चुनाव अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।