पंचकूला। सेक्टर-20 में सड़क पार कर रही महिला को कार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने दस दिन बाद जीएमसीएच-32 की मोर्चरी में रखे शव की पहचान की। इससे पहले परिजन उसकी अपने स्तर पर तलाश कर रहे थे। महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी निवासी तेजराम ने शिकायत में बताया कि उनकी माता रामकली सेक्टर-20 मंडी में सब्जी बेचने का काम करती थी। वह हर रोज की तरह 6 अक्तूबर की सुबह 5 बजे सब्जी बेचने के लिए मंडी गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंची। उन्होंने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन वह नहीं मिली।
15 अक्तूबर को उन्हें सूचना मिली की एक अज्ञात औरत की लाश जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ की मोर्चरी में है। मोर्चरी में उन्होंने अपनी मां के शव को पहचान लिया। उनकी माता के शरीर पर दुर्घटना के कारण काफी चोटें लगी थीं। उसको पता चला कि 6 अक्तूबर की सुबह सेक्टर-20 हाईवे को पार कर रही थी। उसी दौरान कार ने उनकी माता को टक्कर मार दी। इस कारण उसकी मौत हो गई।