संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-20 निवासी एक व्यक्ति से फर्नीचर खरीदने का झांसा देकर 70 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले शिकायतकर्ता के खाते में दो रुपये भेजे। इसके बाद 70 हजार रुपये निकाल लिए। स्टेट साइबर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-20 निवासी मोहम्मद सद्दाम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फर्नीचर की दुकान है।
उनके भाई को एक व्यक्ति ने कॉल कर फर्नीचर खरीदने के लिए ऑर्डर दिया। शिकायतकर्ता ने व्यक्ति को पहले पैसे भेजने को कहा। आरोपी पैसे देने के लिए तैयार हो गया। आरोपी ने शिकायतकर्ता से गूगल पे नंबर बताने के लिए कहा। शिकायतकर्ता के भाई ने उनका नंबर दे दिया। आरोपी को उन्होंने फोन किया और कहा 2 रुपये भेजे हैं। उसके बाद शिकायतकर्ता ने पूरे बिल के पैसे भेजने के लिए कहा। इसके कुछ देर बाद ही उनके खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।