पंचकूला/पिंजौर। पंचकूला-शिमला हाईवे पर गांव बिटना के एक मकान में सोमवार की रात दो बजे चार चोर ग्रिल काटकर अंदर घुस गए। मकान मालिक रोहित ने आहट सुनी तो उसने उठकर देखा कि ड्राइंग रूम में चार चोर घुसे हुए हैं। उनको देखते ही उसने शोर मचा दिया और एक चोर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि तीन बाहर भाग गए। इस पर बाहर भागे तीन चोरों ने अपने साथी को छुड़ाने की कोशिश में रोहित पर गुलेलनुमा हथियार से जोर-जोर से पत्थर बरसा दिए, लेकिन वह रोहित के चंगुल से अपने साथी चोर को छुड़ाने में नाकाम रहे और मौके से भाग गए। जबकि उनकी ओर से बरसाए गए पत्थरों से रोहित के अलावा उनका साथी चोर भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके साथ ही पत्थर लगने से रोहित का भाई योगेंद्र भी घायल हो गया। रोहित का शोर सुनकर ग्रामीण भी पहुंच गए और इसके बाद डॉयल-112 पर दी सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
रोहित ने बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे चार चोर घर में घुस गए थे। उनको देखते ही शोर मचाया और तभी एक चोर को दबोच लिया है। जबकि बाकी के तीन चोर कमरे की खिड़की से घर से बाहर भाग गए। इसके बाद तीनों अपने साथी चोर को छुड़ाने के लिए घर के बाहर से गुलेलनुमा हथियार से हम पर पत्थर बरसाते रहे। जिससे शरीर पर गहरी चोट लग गई हैं। उन्होंने बताया कि चोरों के पत्थर बरसाने से वह खुद उनके पिता रामेश्वर और उनकी पत्नी सोनिया बुरी तरह से घायल हो गई है। लेकिन घायल होने के बावजूद भी उन्होंने चोर को नहीं छोड़ा और इसके बाद उसके तीनों साथी चोर मौके से भाग गए।
रोहित ने बताया कि चोरों के हमले से उनका पकड़ा गया साथी भी घायल हो गया है। उनके हमले से घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं। इसके बाद पकड़े गए चोर को पुलिस के हवाले कर दिया है। थाना प्रभारी पिंजौर जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच के लिए कई नमूने इकट्ठे किए। पुलिस चोर से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य तीन चोर भी जल्द पुलिस हिरासत में होंगे।
बॉक्स
रोहित शर्मा के भाई योगेंद्र ने बताया कि तीन चोर पड़ोस के घर के बरामदे से होकर रोहित के घर में दाखिल हुए थे। वहीं, एक आरोपी किसी अन्य रास्ते से घर में घुसा था। तीन चोर सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों की कमर में कुछ बंधा हुआ था और उन्होंने कपड़े से अपना मुंह ढका था। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर परिजनों सहित ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे।