पंचकूला। डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन वेलफेयर सोसाइटी के कलेक्टरों ने बृहस्पतिवार को सेक्टर-14 स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले की तरह काम जारी रखने और कंपनी की कथित मनमानी पर रोक लगाने की मांग की। कलेक्टरों ने मेयर श्याम लाल बंसल को ज्ञापन भी सौंपा।
सोसाइटी के प्रधान मुकेश कुमार और चेयरमैन कर्मवीर सिंह बेदी ने आरोप लगाया कि पूजा कंपनी द्वारा उन्हें 11 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने के लिए कहा जा रहा है, जबकि हरियाणा सरकार की डीसी दर करीब 19 हजार रुपये है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी कूड़ा उठाने वाली रेहड़ियां सेक्टरों से हटाई जा रही हैं।
पदाधिकारियों के अनुसार, 150 से अधिक कलेक्टर लंबे समय से घरों से कूड़ा उठाने का काम कर रहे हैं। नगर निगम द्वारा कंपनी को ठेका दिए जाने के बाद भी वे कुछ घरों से कचरा एकत्र कर रहे थे, लेकिन अब उनका काम प्रभावित हो रहा है।
मेयर ने उनकी मांगें सुनने के बाद सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को 23 अक्टूबर को वार्ता के लिए बुलाया है। कलेक्टरों ने उम्मीद जताई कि बातचीत से उनकी समस्याओं का समाधान निकलेगा।