कालका। सब डिवीजनल अस्पताल कालका में बेड की संख्या बढ़ाने के लिए पहली मंजिल पर बिल्डिंग का निर्माण कर वार्ड तो विभाग द्वारा बनवा दिया परंतु इस बिल्डिंग तक पहुंचने के लिए न तो सीढ़ियां हैं और न ही लिफ्ट। अगर इस वार्ड तक मरीज को पहुंचाना है तो इमरजेंसी के समीप बनी तंग सीढ़ियों से चढ़ कर अस्पताल की छत से होते हुए इस बिल्डिंग तक पहुंचना पड़ेगा। वार्ड का निर्माण तकरीबन 6 महीने पहले हो चुका है परंतु अभी तक इस वार्ड का उपयोग नहीं हो सका। इसकी वजह वार्ड पर लटका हुआ ताला है।
बता दें कालका स्थित सरकारी अस्पताल को कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर से अपग्रेड कर सब डिवीजन अस्पताल बनाया गया है। इसके तहत इस अस्पताल में बेड की संख्या 30 से बढ़ाकर 50 करनी है इसलिए वार्ड का निर्माण किया गया। परंतु हैरानी की बात है कि पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट द्वारा बनाई गई इस बिल्डिंग तक पहुंचने के लिए कोई उचित रास्ता नहीं बनाया गया। अगर मरीज को पहली मंजिल पर बने इस वार्ड तक लाना हो तो पहले इमरजेंसी के समीप बनी सीढ़ियों से पहली मंजिल पर आना होगा। इसके बाद अस्पताल की छत से होते हुए करीब 100 मीटर तक चलकर इस बिल्डिंग तक पहुंचा जाएगा। इससे साफ जाहिर होता है कि ऐसी स्थिति में गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को इस वार्ड तक पहुंचाना परिजनों सहित अस्पताल स्टाफ के लिए एक बड़ी समस्या है। हालांकि एसएमओ एसडीएच कालका का दावा है कि इस समस्या का जल्द ही निवारण हो जाएगा।
कोट्स...
इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से बात हो चुकी है। चीफ आर्किटेक्ट व उनकी टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर लिया है। जल्द ही इस बिल्डिंग के लिए लिफ्ट व सीढ़ियों का प्रबंध किया जाएगा। -डाक्टर रूपिंद्र सैनी, सीएमओ, एसडीएच कालका