पंचकूला। सेक्टर 11/15 शहीद भगत सिंह चौक पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 114वीं जयंती मनाई गई। शहीद भगत सिंह जागृति मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शिरकत की और शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान विधानसभा स्पीकर ने बताया कि पंचकूला के सभी सामुदायिक केंद्रों का नाम शहीदों के नाम पर रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, करतार सिंह सराभा, मदन लाल ढींगरा, खुदी राम बोस जैसे शहीदों की शहादत के कारण ही हम सभी आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें वर्तमान और आने वाली पीढ़ी को इन शहीदों ने कैसे अंग्रेजों की गुलामी की जंजीर तोड़ने के लिए पूरे देश के जवानों में देशभक्ति का जज्बा पैदा किया। उन्होंने कहा कि शहीदों ने भरी जवानी में शहादत देकर अंग्रेजों को देश से भगा कर आजाद भारत का निर्माण किया।
उन्होंने बताया कि पंचकूला के एक सपूत अनुज राजपूत, जिसने 27 वर्ष की आयु में शहादत दी और प्रदेश व देश को गौरवान्वित किया, उस वीर बेटे को इस मंच से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शहीद भगत सिंह जागृति मंच के संगठन सचिव राजकुमार शर्मा, उपप्रधान ऋषि गुप्ता, महासचिव प्रदीप राठौर ने शहीदे आजम भगत सिंह के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर बीजेपी पंचकूला के कोषाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, पूर्व बीजेपी प्रधान दीपक शर्मा, जेजेपी के जिला प्रधान ओपी सिहाग, प्रो. एमएम जुनेजा, पार्षद ओमवती पूनिया, जय कौशिक, नरेंद्र लुबाना, सुमित सिंगला, सुरेश वर्मा मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित
इसके पश्चात गुप्ता ने सार्थक स्कूल सेक्टर-12ए, राजकीय कन्या विद्यालय सेक्टर-15, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-19, संस्कृति मॉडल स्कूल सेक्टर-20 और हरियाणा मॉडल स्कूल सेक्टर-10 के ड्राइंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले छात्र व छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। गुप्ता ने गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल, सेक्टर 15 की छात्रा आरती द्वारा शहीद भगत सिंह का स्केच बनाने पर 11 हजार रुपये का नकद इनाम देकर सम्मानित किया। इस दौरान होनहार छात्रा के लिए भविष्य में पढ़ाई लिखाई से संबंधित खर्च वहन करने का आश्वासन भी दिया। शहीद भगत सिंह जागृति मंच की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को सम्मानित किया गया।