राह ग्रुप फाउंडेशन करेगा सम्मानित, नवंबर के अंत में आयोजित होगा समारोह
मोरनी के गांव बड़ियाल में गैनोडर्मा और शिटाके मशरूम का कर रहे उत्पादन, किसानों को भी दे रहे प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। पारंपरिक खेती से हटकर आधुनिक कृषि तकनीक और नवाचार अपनाने वाले मोरनी क्षेत्र के प्रगतिशील किसान वीरेंद्र बाजवान को ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। पंचकूला जिले के गांव बड़ियाल निवासी वीरेंद्र बाजवान ने औषधीय मशरूम की खेती में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह गैनोडर्मा (रीशी) और शिटाके जैसी उच्च मूल्य वाली मशरूम प्रजातियों का उत्पादन कर रहे हैं।
वीरेंद्र बाजवान खेती के साथ-साथ किसानों और विद्यार्थियों को औषधीय मशरूम उत्पादन की तकनीक तथा कृषि उद्यमिता का प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। उनका प्रयास किसानों की आमदनी बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
राह ग्रुप फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि एक्सप्लोर इंडिया अभियान के तहत नवंबर के अंत में ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड-2026 समारोह आयोजित होगा। इसमें कृषि, शिक्षा, समाजसेवा, पर्यावरण, खेल और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों की 51 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के लिए प्रदेशभर से 4,271 आवेदन प्राप्त हुए थे।
कृषि क्षेत्र में नवाचार, औषधीय मशरूम उत्पादन और किसानों को प्रशिक्षण देने में योगदान के चलते वीरेंद्र बाजवान का चयन किया गया है। मोरनी के किसान को मिलने वाला यह सम्मान क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।