पंचकूला। शहीद भगत सिंह जागृति मंच की ओर से सेक्टर-5 स्थित यवनिका ओपन थिएटर में 26 सितंबर की शाम शहीद -ए-आज़म भगत सिंह की 117वीं जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा।
शहीद भगत सिंह जागृति मंच के अध्यक्ष जगदीश भगत सिंह ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नायक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के प्रपौत्र शैलेश श्रीकांत तिलक पुणे से इस कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे हैं। वहीं गदर आंदोलन के नायक बाबा सोहन सिंह भकना के प्रपौत्र सरदार जसवीर सिंह भी विशेष रूप से शामिल होने अमृतसर से आ रहे हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीबीपी के सेवानिवृत महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दूहन करेंगे। समारोह में ट्राईसिटी के प्रमुख विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति के रंग से भरे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगी। इन स्कूलों में सतलुज पब्लिक स्कूल, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर- 15, स्काई वर्ल्ड स्कूल, सिमरन पब्लिक स्कूल, कॉस्मोपॉलिटन पब्लिक स्कूल के साथ ही, डांस स्टूडियो, फ्लिपर ग्रुप चंडीगढ़ आदि प्रमुख हैं।