कालका। बॉलीवुड अभिनेता व कालका निवासी संदीप नाहर के निधन की खबर मिलने के बाद से वाल्मीकि समाज को गहरा सदमा लगा है। वहीं, निधन से पहले संदीप के द्वारा पोस्ट किए गए नोट और वीडियो के चलते संस्कार के बाद वाल्मीकि समाज ने जल्द महापंचायत बुलाने का फैसला किया है। इसमें दोषियों पर कार्रवाई के लिए संघर्ष की रणनीति बनाई जाएगी। महापंचायत में कालका विधानसभा सहित पंचकूला से भी वाल्मीकि समाज के नुमाइंदे शिरकत करेंगे।
आंबेडकर वाल्मीकि अधिकार मंच संयोजक दिनेश वाल्मीकि ने कहा कि संदीप समाज का एक होनहार नौजवान था जिस पर पूरे समाज को गर्व है लेकिन ऐसी कौन सी मजबूरियां रही होगीं जिसके चलते उसको ऐसा कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि संदीप ने जो वीडियो शेयर किया है उससे साफ तौर पर जाहिर हो रहा है कि वह मानसिक प्रताड़ना से दुखी था। उन्होंने कहा कि संदीप के मामले में जो भी आरोपी होगा उसको बक्शा नहीं जाएगा। अभी संदीप के पिता विजय मुंबई गए हैं उनके कालका आने के बाद कई चीजें और सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम को ट्वीटर टीम आफ वाल्मीकन हरियाणा पर भी उठाएंगे जिसमें सीएम महाराष्ट्र, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री को भी टैग करेंगे।
मामले को लेकर पूरा समाज एकजुट
पूर्व पार्षद एवं वाल्मीकि सभा परेड मोहल्ला के प्रधान रहे मास्टर किशन चंद ने कहा कि संदीप की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। इस दुख की घड़ी में वाल्मीकि समाज नाहर परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। अप्पर मोहल्ला वाल्मीकि सभा के उपप्रधान गोल्डी वाल्मीकि ने कहा कि संदीप के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने देंगे। इस मामले को लेकर पूरा समाज एकजुट है।
राजनीतिक हस्तियों ने भी जताया शोक
बॉलीवुड अभिनेता संदीप नाहर के निधन पर पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी सहित शिवालिक विकास मंच के अध्यक्ष व राज्य सरकार में चेयरमैन रह चुके विजय बंसल एडवोकेट, कांग्रेस नेता पवन कुमारी, कांग्रेस नेता हर्ष कुमार, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव नैब चौधरी, पूर्व विधायक लतिका शर्मा व वरिष्ठ भाजपा नेता रूबी भगत सिंह, एनएसयूआई आरटीआई सेल के राष्ट्रीय कन्वीनर दीपांशु बंसल ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सभी उनके परिवार के साथ हैं।