चंडीगढ़। बठिंडा की रहने वाली नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को सेक्टर-36 थाना पुलिस ने पटियाला से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पटियाला निवासी रविंदर सिंह (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने उक्त आरोपी को जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 5 फरवरी को पुलिस ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस के अनुसार उन्हें शिकायत मिली थी कि बठिंडा की रहने वाली 15 वर्षीय नौवीं की छात्रा अपनी सहेली के साथ 25 जनवरी को स्कूल जाने के बहाने बस में सवार होकर चंडीगढ़ आई थी। आरोप था कि इस दौरान उसे रास्ते में रविंदर मिल गया। इसके बाद वह छात्रा को वापस घर पहुंचाने का झांसा देकर उसे एक फ्लैट में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा जब वापस अपने घर पहुंची तो पूरी वारदात की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मामले की सूचना बठिंडा की स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस छानबीन के बाद चंडीगढ़ का मामला होने की वजह से मामले को सेक्टर-36 थाने को सौंप दिया गया। शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस को रविवार को सूचना मिली कि आरोपी पटियाला में है। इसके बाद एक टीम गठित कर आरोपी को वहां से दबोच लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रिंटिंग का काम करता है।