पंचकूला। जिले में कोरोना के मामलों पर नियंत्रण रखने के लिए अभिभावकों और स्कूल के शिक्षकों को बच्चों का वैक्सीनेशन करवाने के लिए आगे आना चाहिए। इससे लोगों की जान बचेगी और कोराना जैसी महामारी का अंत हो जाएगा। जिले के उपायुक्त, समाज सेवी संस्थाओं ने अभिभावकों और लोगों से अपील की है कि वे अपनी वैक्सीनेशन की डोज को पूरा करें और कोरोना से अपना बचाव करें।
वैक्सीनेशन करवाकर लोग अपने को सुरक्षित रखें
मेरी लोगों से अपील है कि जो भी लोग वैक्सीनेशन की पहली डोज लगवा चुके हैं। वह अपनी दूसरी डोज भी पूरी करें। लोगों को वैक्सीनेशन के माध्यम से ही कोरोना जैसी महामारी से बचाया जा सकता है। जिले के सभी गांवों और सेक्टर के लोगों को इसका पालन करना चाहिए। वैक्सीनेशन होने के कारण ही तीसरी लहर प्रभावी नहीं हुई है। आने वाली लहर से बच्चों केे बचाने के लिए भी लोगों को वैक्सीनेशन करवाना चाहिए। - महावीर कौशिक, डीसी, पंचकूला।
महामारी से वैक्सीनेशन ही बचा सकता है
देश में पोलियो सहित कई महामारियां आई हैं। इनसे बचाव के लिए लोग टीकाकरण करवाते हैं। मेरी लोगों से अपील है कि लोग कोरोना से बचाव के लिए भी वैक्सीनेशन की डोज पूरी लगवाएं। इससे लोगों की जान बचेगी। चौथी लहर बच्चों के लिए अधिक खतरनाक बताई जा रही है। इसके बाद भी वैक्सीनेशन करवाने में अभिभावक रुचि नहीं दिखा रहे हैं। मेरी अपील है कि बच्चों का वैक्सीनेशन करवाया जाए। उन्हें डोज लगवाने के बाद कोरोना न के बराबर रह जाएगा। इसलिए शहर के लोगों को अपने बच्चों का वैक्सीनेशन करवाना चाहिए। उन्हें सभी डोज पूरी लगवानी चाहिए, जिससे कोरोना को हराया जा सके। - डॉ. मीनू सासन, वैक्सीन इंचार्ज, पंचकूला
बूस्टर डोज भी लोग पूरी करें
बूस्टर डोज लगवाने के लिए भी लोग डिस्पेंसरी और सिविल अस्पताल आएं। पहली और दूसरी डोज लगवाने के बाद अब बूस्टर डोज लगने शुरू हो गए हैं। जिन सीनियर सिटीजन और फ्रंट लाइन वर्कर्स की वैक्सीन की दोनों डोज के नौ माह पूरे हो गए हैं, उन्हें बूस्टर डोज लगवाना चाहिए, जिससे कि कोरोना से उनका बचाव हो सके। मेरी अपील है कि लोग सुरक्षित रहने के लिए यह काम जरूर करें। - केके जिंदल, प्रेसिडेंट, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-20
वैक्सीनेशन से ही लोग रहेंगे स्वस्थ
कोरोना महामारी पर नियंत्रण वैक्सीनेशन के कारण हो पाया है। इस कारण लोगों को वैक्सीनेशन करवाना चाहिए। पंचकूला में सभी जगह लोगों के लिए वैक्सीनेशन कैंप लगवाए जा रहे हैं। इसमें शहर के सीनियर सिटीजन, बच्चों को भाग लेकर वैक्सीनेशन करवाना चाहिए। मेरी लोगों से अपील है कि लोग वैक्सीनेशन में उत्साह के साथ भाग लेकर कोरोना से अपना बचाव करें। - साध्वी नीलिमा विश्वास, महासचिव, विश्वास फाउंडेशन