हरियाणा में 18 साल से ऊपर की 1.80 करोड़ आबादी में से 1.63 करोड़ को कोरोना का टीका लग चुका है। नेशनल हेल्थ मिशन के एमडी प्रभजोत सिंह का कहना है कि 17 लाख लोगों को अगले एक सप्ताह में टीका लगाने का लक्ष्य है। रोजाना एक लाख के करीब लोगों का टीकाकरण हो रहा है। हालांकि, अभी दोनों खुराक लेने वालों की संख्या 41 लाख है। युवा सबसे आगे हैं। बुजुर्ग पीछे चल रहे हैं। इस समय 18 से 44 के 86 लाख, 45 से 60 आयु के 43 और 60 साल से अधिक आयु के 34 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
एक लाख शिक्षकों में से 60 प्रतिशत का ही टीकाकरण
हरियाणा में स्कूलों के सभी शिक्षक सुरक्षित घेरे में नहीं आ पाए हैं। कुल एक लाख शिक्षकों में से 60 प्रतिशत का ही टीकाकरण हो पाया है। इनमें से भी दोनों डोज लेने वालों की संख्या कम है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग शिक्षकों के लिए विशेष कैंप भी आयोजित करा रहा है।
14158 स्कूलों में 103886 अध्यापक व स्टाफ
हरियाणा में कुल 14158 स्कूल हैं और इनमें 103886 अध्यापक व अन्य स्टाफ तैनात है। स्कूल खोलने से पहले हरियाणा सरकार का लक्ष्य था कि शिक्षकों को टीका लगवाकर सुरक्षित घेरे में लिया जाए। लेकिन अभी तक सभी शिक्षकों को टीका नहीं लग पाया है। दोनों डोज लेने वालों की संख्या भी कम है। बता दें कि 13 अगस्त तक मात्र 40 प्रतिशत शिक्षकों को ही टीके लग पाए थे। इनमें 26753 ने पहली और 14790 ने दोनों डोज ली थी। अब यह आंकड़ा 60 हजार के करीब पहुंच गया है।